पलामू : बारिश से झांझी नदी पुल का एप्रोच पथ टूटा, 15 गांवों का संपर्क टूटने का खतरा, स्कूल के बच्चे भी खतरे में
झांझी नदी पुल का टूटा अप्रोच पथ | Prabhat Khabar Network
झांझी नदी पर बने पुल का अप्रोच पथ टूटने से 15 गांवों का संपर्क कटने का खतरा है. बसडीहा स्कूल के पास मिट्टी कटाव से बच्चों की जान जोखिम में है.
मुकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट
पांडू (पलामू). लगातार हो रही बारिश के कारण महुगांवा-मुरमा खूर्द मुख्य पथ पर बसडीहा के समीप झांझी नदी पर बने पुल का एप्रोच पथ टूट गया है. इससे पुल के भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते एप्रोच पथ की मरम्मत नहीं कराई गई तो पुल को भी नुकसान पहुंच सकता है. पुल के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र के करीब 15 गांवों का प्रखंड मुख्यालय से सीधा संपर्क कट सकता है. इसे लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है.
स्कूल के पास भी तेजी से हो रहा कटाव
झांझी नदी के किनारे स्थित प्राथमिक विद्यालय बसडीहा के पास भी तेज बहाव के कारण मिट्टी का कटाव हुआ है. विद्यालय की दीवार के पास अब महज करीब दो फीट जमीन बची है. इसी संकरे रास्ते से होकर बच्चे विद्यालय परिसर में लगे नल से पानी लेने जाते हैं. कटाव के कारण रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है. बच्चों को डर के बीच इस रास्ते से पानी लेने जाना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए तो कोई बच्चा नदी में गिरकर हादसे का शिकार हो सकता है.

ये भी पढ़ें: पलामू : 7 साल बाद भी अधूरा है अमानत नदी का पुल, निर्माण के दौरान ही बैठ गया था पिलर
विभाग को दी गई जानकारी
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है. ग्रामीणों ने पुल के एप्रोच पथ और विद्यालय के पास हुए मिट्टी के कटाव की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि पुल के साथ-साथ स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए