जंगली सुअर के शिकार के लिए लगाया पटाखा हाथ में फटा, व्यक्ति की कलाई उड़ी
मेदिनीनगर में जंगली सुअर के शिकार के लिए लगाया गया पटाखा हाथ में फटने से 55 वर्षीय शनिचर राम गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनकी कलाई उड़ गई और दूसरे हाथ का अंगूठा भी जख्मी हुआ.
मेदिनीनगर (पलामू). रामगढ़ थाना क्षेत्र के चमिन ढोढ़ा के समीप मंगलवार की सुबह हुए बम विस्फोट को लेकर नया खुलासा सामने हुआ है. पुलिस के अनुसार, शनिचर राम (55 वर्ष) जंगली सुअर का शिकार करने के लिए जंगल गया था. जहां सुअर को पकड़ने के लिए पटाखा लगाया जा रहा था. इसी दौरान पटाखा उसके हाथ में ही फट गया. विस्फोट में उसके बायें हाथ की कलाई उड़ गई, जबकि दूसरे हाथ का अंगूठा भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है.
गड्ढे में हाथ डालते ही हुआ जोरदार विस्फोट
काचन गांव निवासी शनिचर राम मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर जंगल में गया था. बताया जाता है कि वह खुखड़ी चुन रहा था. इसी दौरान चमिन ढोढ़ा के समीप एक गड्ढे में जैसे ही उसने हाथ डाला, अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. हादसे में उसका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
विस्फोट के बाद शनिचर राम किसी तरह घटनास्थल से चलकर अपने घर पहुंचा. इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे वाहन से तत्काल अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एमएमसीएच रेफर कर दिया. फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें- विवाहिता ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, मायके वालों लगाया दहेज हत्या का आरोप
पूछताछ में सामने आयी शिकार की बात: एसपी
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि घायल शनिचर राम अपने घर काचन से करीब आधा किलोमीटर दूर जंगल की ओर गया था. खुखड़ी चुनने के दौरान उसने एक गड्ढे में हाथ डाला, तभी अचानक बम फट गया. विस्फोट में उसके एक हाथ की कलाई उड़ गयी.
लेकिन पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि शनिचर राम जंगली सुअर का शिकार करने के लिए जंगल गया था. सुअर को पकड़ने के लिए पटाखा लगाया जा रहा था. इसी क्रम में पटाखा हाथ में ही फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिकार के लिए किस तरह का पटाखा या विस्फोटक लगाया गया था और इसे कहां से लाया गया था.
ये भी पढ़ें- 10 दिन पहले दफन हुआ था युवक, पिटाई की खबर मिलते ही पुलिस ने खुदवाई कब्र, निकाला शव
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए