10 दिन पहले दफन हुआ था युवक, पिटाई की खबर मिलते ही पुलिस ने खुदवाई कब्र, निकाला शव

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गुमला में युवक की मौत के 10 दिन बाद पिटाई की खबर पर पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया. मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह स्पष्ट होगी.

विज्ञापन

गुमलाः सदर थाना क्षेत्र के मुरकुंडा पंचायत स्थित कुटमा गांव में 22 वर्षीय मंडेल इंदवार की मौत का मामला जांच के घेरे में आ गया है. युवक की पिटाई के बाद मौत होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने करीब दस दिन बाद मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर उसका शव बाहर निकलवाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.

विज्ञापन

काफी समय बीत जाने के कारण शव गल चुका था. इस वजह से सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम संभव नहीं हो सका. चिकित्सकों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया. अब रिम्स में होने वाले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से ही मंडेल की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा. पुलिस ने इस मामले में गांव के ही ठुठा उरांव, बंधु उरांव और घसिया उरांव को गिरफ्तार किया है. वहीं, संजय उरांव के फरार होने की बात सामने आई है. पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी है.

ये भी पढ़ें- अनियंत्रित होकर खेत में पलटा ट्रैक्टर, चालक गंभीर रूप से घायल

धान चोरी के आरोप में हुई थी पिटाई

मृतक के छोटे भाई करमा इंदवार ने थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि मंडेल नशे का आदी था. करीब 40 दिन पहले उसने गांव के घुड़ खड़िया के घर से खाने-पीने के लिए धान की चोरी की थी. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई की थी.

पिटाई के बाद भी मंडेल करीब एक महीने तक गांव में इधर-उधर घूमता रहा. करमा के अनुसार, मंडेल पहले से हाइड्रोसील की बीमारी से पीड़ित था. पिटाई के दौरान उसके संबंधित हिस्से में चोट लगी थी, लेकिन उसने इलाज नहीं कराया. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिजन भी उसका समुचित इलाज नहीं करा सके. धीरे-धीरे उसकी तबीयत बिगड़ती गई. वह पेशाब नहीं कर पा रहा था और उसका पेट फूलने लगा था.

दस दिन पहले घर में हुई थी मौत

करीब दस दिन पहले मंडेल घर में सोया हुआ था. इसी दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था. दशकर्म की रस्म भी पूरी हो चुकी थी. बाद में पुलिस को मंडेल की पिटाई के बाद मौत होने की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव निकलवाया.

ये भी पढ़ें- हल्की बारिश में तालाब बन जाती हैं लोहरदगा की सड़कें, जलजमाव से लोग परेशान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि युवक की पिटाई के बाद मौत होने की सूचना मिलने पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव निकलवाया गया. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम संभव नहीं होने के कारण शव को रिम्स भेजा गया है. उन्होंने कहा कि युवक की पिटाई किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन उसकी मौत बीमारी से हुई या पिटाई के दौरान लगी चोट के कारण, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. फिलहाल मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola