हल्की बारिश में तालाब बन जाती हैं लोहरदगा की सड़कें, जलजमाव से लोग परेशान

Updated:
विज्ञापन

शहर की सड़क में जलभराव का दृश्य | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

लोहरदगा में हल्की बारिश से सड़कों पर जलजमाव, राहगीरों को भारी परेशानी. नगर पालिका की लचर व्यवस्था से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश.

विज्ञापन

लोहरदगाः हल्की बारिश होते ही लोहरदगा शहर की सड़कों का नजारा बदल जाता है. शहर की कई प्रमुख सड़कें और चौक-चौराहे जलजमाव के कारण तालाब का रूप ले लेते हैं. शहर के बीचों-बीच सड़कों पर जमा पानी को देखकर यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि यह सड़क है या तालाब. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी घंटों सड़कों पर जमा रहता है.

विज्ञापन

इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानी होती है. जलजमाव के कारण सड़क पर बने गड्ढे पानी में छिप जाते हैं, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं. खासकर दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं की चपेट में आ रहे हैं. कई बार पैदल चलने वाले लोगों को घुटने तक पानी से होकर गुजरना पड़ता है. कई स्थानों पर नालियों का पानी भी सड़क पर बहने लगता है, जिससे स्थिति और खराब हो जाती है.

Image

टैक्स वसूली के बावजूद सुविधाओं का अभाव

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से अलग-अलग मदों में टैक्स की वसूली की जाती है, लेकिन इसके अनुरूप बुनियादी नागरिक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. लोगों का आरोप है कि शहर के विकास और साफ-सफाई के नाम पर योजनाएं तो बनती हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- वन विभाग से बचने के चक्कर में डैम में जा गिरा लकड़ी लदा ट्रक, चालाक फरार

जिला मुख्यालय में ही मूलभूत सुविधाओं की समस्या

लोहरदगा राज्य के छोटे जिलों में शामिल है, लेकिन जिला मुख्यालय के शहरी क्षेत्र में ही सड़क, नाली, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि ग्रामीण इलाकों में नागरिक सुविधाओं की स्थिति क्या होगी.

लोगों ने नगर निकाय और जनप्रतिनिधियों से जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने, नालियों की सफाई और मरम्मत कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि केवल टैक्स वसूली से नगर का विकास नहीं होगा, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित सड़क, बेहतर जल निकासी और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना भी नगर निकाय की जिम्मेदारी है.

Image

ये भी पढ़ें- अनियंत्रित होकर खेत में पलटा ट्रैक्टर, चालक गंभीर रूप से घायल

चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे, अब शहर की समस्याओं पर सवाल

लोहरदगा नगर परिषद चुनाव के समय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के दावेदारों ने एक से बढ़कर एक वादे और दावे किये थे. लेकिन चुनाव जीतने के बाद ऐसा कोई बड़ा काम नजर नहीं आया, जो उनके वादों के अनुरूप हो. शहर लगातार समस्याओं से जूझ रहा है, जबकि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लग रहा है.

अध्यक्ष हिंडालको की नीतियों का विरोध कर रहे हैं, तो उपाध्यक्ष अपने ही कार्यालय के अधिकारियों की जांच कराने में लगे हैं. इधर, जनता परेशान है. लोगों का कहना है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष यदि चाहें, तो शहर की व्यवस्था में सुधार हो सकता है, लेकिन उनमें काम करने की ललक नजर नहीं आ रही है

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola