पेयजल संकट, जर्जर सड़क, गंदगी व खराब शिक्षा व्यवस्था में हो सुधार

Published by : SANU KUMAR DUTTA Updated At : 08 Jun 2025 5:22 PM

विज्ञापन

पेयजल संकट, जर्जर सड़क, गंदगी व खराब शिक्षा व्यवस्था में हो सुधार

विज्ञापन

तारापुर में प्रभात संवाद कार्यक्रम का आयोजन

प्रतिनिधि, हिरणपुर. रविवार को तारापुर गांव में प्रभात खबर के तत्वावधान में प्रभात संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान संतोष साहा ने की. इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे और उन्होंने अपने गांव की मूलभूत समस्याओं को खुलकर सामने रखा. ग्रामीणों ने बताया कि तारापुर संथाली टोला में स्थापित सोलरयुक्त जलमीनार वर्षों से खराब पड़ी है. इससे दर्जनों परिवारों को पीने के पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने मांग की कि जल्द से जल्द जलमीनार की मरम्मत कराई जाए, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को राहत मिल सके. इसके साथ ही गांव के अन्य मुहल्लों में डीप बोरिंग की आवश्यकता भी जताई गई. कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पीसीसी सड़कों की खराब हालत को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने बताया कि तारापुर संथाली काली मंदिर से मुख्य सड़क तक बनी पीसीसी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. इसके अलावा तारापुर संथाली से पेरगो टोला तक की सड़क भी बुरी तरह टूट-फूट गई है, जिसे जल्द मरम्मत या पुनर्निर्माण की आवश्यकता है. ग्रामीणों ने यह भी कहा कि हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य सड़क से निकट गोविंदपुर से बेलपहाड़ी तक की ग्रामीण सड़क की स्थिति नारकीय बनी हुई है. इस मार्ग से लगातार भारी वाहन, खासकर क्रशर से गिट्टी लोड ट्रक गुजरते हैं, जिससे सड़क की स्थिति और भी खराब होती जा रही है. लेकिन इस पर न तो जनप्रतिनिधि ध्यान देते हैं और न ही प्रशासन.

नाली सफाई और विद्यालय की दुर्दशा पर भी जताई चिंता

गांव से हाड़ी पोखर तक की नाली कचरे से जाम हो चुकी है. ग्रामीणों ने इसकी अविलंब सफाई कराने की मांग की. इसके साथ ही मध्य विद्यालय तारापुर में शिक्षकों की कमी को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई. ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है. मध्याह्न भोजन में भी अनियमितता बरती जा रही है, जिसकी जांच और सुधार की आवश्यकता है.

बोले ग्रामीण

तारापुर संथाली गांव में वर्षों से जलमीनार खराब पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है. गर्मी में यह समस्या और गंभीर हो जाती है. संबंधित विभाग को जलमीनार की शीघ्र मरम्मत करानी चाहिए ताकि ग्रामीणों को इसका समुचित लाभ मिल सके.

– संतोष साहा, ग्राम प्रधानमुख्य सड़क से पंकज साहा के घर तक पक्की नाली का निर्माण जरूरी है. बारिश के समय गंदा पानी सड़क पर बहता है, जिससे आवागमन में कठिनाई होती है. यह समस्या स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदेह है. प्रशासन को जल्द से जल्द पक्की नाली बनवानी चाहिए.

– जय कुमार साहागांव में बिजली की व्यवस्था अत्यंत लचर है. बार-बार बिजली गुल हो जाने से आम जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. भीषण गर्मी में बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. बिजली की इस समस्या का स्थायी समाधान होना आवश्यक है, ताकि सभी को राहत मिल सके.

– मोहन साहातारापुर संथाली और गोविंदपुर गांव के कई मोहल्लों में नालियों की व्यवस्था नहीं है. इससे पानी की निकासी नहीं हो पाती और सड़क पर पानी बहता रहता है. प्रशासन को नाली निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि गांव की साफ-सफाई बनी रह सके.

– दिनु साहागांव की कई पीसीसी सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. ये सड़कें काफी पुरानी हो गई हैं और जगह-जगह टूट गई हैं. इससे ग्रामीणों को आवाजाही में कठिनाई होती है. प्रशासन को जर्जर पीसीसी सड़कों के पुनर्निर्माण की पहल करनी चाहिए.

– पंकज साहामध्य विद्यालय तारापुर में शिक्षकों की संख्या बहुत कम है. इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. विषयवार शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं. शिक्षा विभाग को विद्यालय में पर्याप्त संख्या में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति करनी चाहिए, जिससे शैक्षणिक स्तर सुधर सके.

– अमित पंडितविद्यालय में मध्यान्ह भोजन योजना में अनियमितता देखी जा रही है. बच्चों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिल रहा है. साथ ही, विद्यालय परिसर में सुरक्षा के लिहाज से मजबूत चाहरदीवारी और गेट की भी आवश्यकता है. प्रशासन को इस दिशा में पहल करनी चाहिए.

– रोहित साहागांव में पीने के पानी की समस्या गंभीर है. गर्मी के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है. ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है. प्रशासन को आवश्यक स्थानों पर डीप बोरिंग करानी चाहिए ताकि लोगों को जल संकट से राहत मिल सके.

– राजेश साहातारापुर संथाली गांव के कई नाले वर्षों से जाम हैं. बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित होती है, जिससे गंदगी फैलती है. प्रशासन को बरसात से पहले सभी नालियों की सफाई करवानी चाहिए ताकि जलजमाव की समस्या से बचा जा सके और सफाई बनी रहे.

– श्रीनाथ साहागर्मी के मौसम में तारापुर और गोविंदपुर गांव में पानी की भारी किल्लत होती है. कई जगहों पर पीने का साफ पानी उपलब्ध नहीं है. प्रशासन को इस चिरस्थायी समस्या के समाधान हेतु विभिन्न जगहों पर डीप बोरिंग कराना चाहिए, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके.

– अगनु साहा

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANU KUMAR DUTTA

लेखक के बारे में

By SANU KUMAR DUTTA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola