ऑटो पलटने से युवती की मौत, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
ऑटो पलटने से युवती की मौत, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
लोहरदगा़ भंडरा थाना क्षेत्र के कुंदो मोड़-भंडरा चट्टी मार्ग पर शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में 27 वर्षीया युवती की मौत हो गयी. मृतका की पहचान भंडरा थाना क्षेत्र के पंडरिया गांव निवासी भगीरथ लोहरा की पुत्री सुशीला कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सुशीला कुमारी चट्टी बाजार से ऑटो पर सवार होकर अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे कुंदो मोड़ के समीप पीछे से आ रहे एक अन्य ऑटो ने ओवरटेक करने के प्रयास में उसके ऑटो में जोरदार धक्का मार दिया. इससे ऑटो के दाहिनी ओर बैठी सुशीला सड़क पर गिर गयी और ऑटो उसके ऊपर ही पलट गया. इस हादसे में युवती को गंभीर अंदरूनी चोटें आयी और उसके कानों से खून बहने लगा. स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. रविवार सुबह सदर थाना के सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. इस दौरान झारखंड राज्य दफादार चौकीदार पंचायत के जिला अध्यक्ष शमसुल अंसारी, बरतू उरांव और मृतका के परिजन काफी संख्या में मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










