लोहरदगा शहर में सड़क जाम से लोग परेशान, बैंकों के पास पार्किंग नहीं

लोहरदगा शहर में सड़क जाम से लोग परेशान, बैंकों के पास पार्किंग नहीं
लोहरदगा़ शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में लगातार लग रहे जाम से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. इस मुद्दे पर लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है. शहर में हर दिन जाम लगना आम बात हो गयी है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पार्किंग की कमी बनी बड़ी वजह : शहर के अधिकांश बैंकों के पास अपनी पार्किंग व्यवस्था नहीं है. ऐसे में ग्राहक सड़क किनारे ही वाहन खड़ा करने को मजबूर होते हैं, जो जाम का प्रमुख कारण बनता है. इसके अलावा कुछ दुकानदार भी सड़क किनारे सामान रख देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और आवाजाही प्रभावित होती है. पावरगंज से मिशन चौक तक रोज जाम : पावरगंज से मिशन चौक तक लगभग रोज जाम की स्थिति बनी रहती है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और महिलाओं को होती है. अभिभावकों को बच्चों को स्कूल छोड़ने और बाजार आने-जाने में काफी दिक्कत होती है. कई बार सड़क पर इतनी भीड़ रहती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. ऑटो की मनमानी से बढ़ी समस्या : शहर की सड़कें पहले से ही संकरी हैं, ऊपर से जगह-जगह खड़े वाहन स्थिति को और खराब कर देते हैं. ऑटो चालक भी जहां-तहां वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या और बढ़ जाती है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










