विशेष आधार नामांकन व बायोमेट्रिक अपडेट अभियान शुरू
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 12 Jun 2026 9:14 PM
विशेष आधार नामांकन व बायोमेट्रिक अपडेट अभियान शुरू
लोहरदगा़ जिले में उपायुक्त संदीप कुमार मीना के निर्देशानुसार विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत आधार कवरेज सुनिश्चित करने के लिए विशेष आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) अभियान प्रारंभ किया गया है. इस अभियान के तहत जिन विद्यार्थियों का आधार कार्ड अब तक नहीं बना है, उनका नामांकन किया जायेगा. साथ ही 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट भी किया जायेगा. अपडेट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करायी जायेगी : विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को आधार नामांकन और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करायी जायेगी. इससे विद्यार्थियों के आधार संबंधी लंबित कार्य समय पर पूरे हो सकेंगे. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आधार से जुड़ी अद्यतन जानकारी विभिन्न सरकारी योजनाओं और छात्र हित की सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक है. बायोमेट्रिक अपडेट समय रहते अवश्य करायें : जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का आधार सत्यापन और आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट समय रहते अवश्य कराएं. इससे भविष्य में किसी भी पात्र विद्यार्थी को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से वंचित होने की समस्या नहीं होगी. प्रशासन ने यह भी कहा है कि निर्धारित अवधि के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. इस अभियान को उच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है और संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं. अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन और विभागीय सहयोग से यह पहल विद्यार्थियों के हित में सफलतापूर्वक पूरी की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










