कुडू में उल्लास के साथ मना रंगोत्सव, बड़की चांपी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 05 Mar 2026 8:44 PM
कुडू में उल्लास के साथ मना रंगोत्सव, बड़की चांपी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कुड़ू़ प्रखंड क्षेत्र में रंगों का त्योहार होली बुधवार को हर्षोल्लास और पारंपरिक धूमधाम के साथ संपन्न हुआ. कुड़ू मुख्यालय सहित जिमा, टाटी, जिन्गी, सलगी और होटवार जैसे ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही फगुआ की मस्ती छायी रही. लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाइयां खिलाकर पर्व की शुभकामना दीं. युवाओं की टोलियों ने गाजे-बाजे के साथ गांव-गांव भ्रमण किया और पारंपरिक गीतों पर जमकर थिरके. फगुआ डोल मेला का आयोजन : इस अवसर पर बड़की चांपी पंचायत के कुंडगड़ा गांव में भव्य फगुआ डोल मेला का आयोजन किया गया. पुरोहितों द्वारा भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और संकटमोचन हनुमान सहित सभी देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती संपन्न करायी गयी. इसके पश्चात बड़की चांपी दुर्गा मंदिर परिसर में भव्य होली मिलन समारोह आयोजित हुआ, जहां क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया. कुंडगड़ा, जिंगी, सलगी सहित कई गांवों में डोल स्थापना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए कुड़ू पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती और गश्ती के कारण पूरे प्रखंड क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










