राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा, आधुनिक भारत के विजन को किया याद
मौजूद लोग | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा में राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने विचारगोष्ठी आयोजित की। सुखैर भगत ने उनके आधुनिक भारत के सपने और तकनीकी योगदान को याद किया।
लोहरदगा: पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में श्रद्धांजलि सभा सह विचारगोष्ठी आयोजित की गयी. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखैर भगत ने किया.
आपके शहर में
कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. इसके बाद कांग्रेसजनों ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व, विचारों और देश के विकास में योगदान को याद किया.
विचारगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी के आधुनिक राष्ट्र के रूप में विकसित करने का सपना देखा था. उन्होंने विज्ञान एवं तकनीक, कंप्यूटर, दूरसंचार और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की. उनके कार्यकाल में लिये गये निर्णयों ने भारत में तकनीकी एवं संचार क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव तैयार की.
यह भी पढ़ें : जैविक उद्यान के निर्माण और कैंटीन आवंटन में अनियमितता का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी की राजनीति के केंद्र में देश का युवा था. उनका विश्वास था कि युवा शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है. उन्होंने युवाओं को आधुनिक शिक्षा, विज्ञान और तकनीक से जोड़ने के साथ देश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया.
वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी का आधुनिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और प्रगतिशील भारत का सपना आज भी प्रासंगिक है. विज्ञान और तकनीक को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाने की उनकी सोच ने देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को उनके आधुनिक भारत के विजन से जोड़ने का संकल्प लिया. अंत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखैर भगत ने सभी उपस्थित कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन दुबे, सेवादल प्रदेश सचिव प्रदीप विश्वकर्मा, जिला महासचिव सलीम अंसारी उर्फ बड़े, हाजी सदरुल अंसारी, प्रवेश सिद्दीकी, संतोषी, स्टेट कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद दानिश अली, जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष मुजम्मिल अंसारी, लोहरदगा प्रखंड अध्यक्ष सतदेव भगत, स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी, जिला प्रवक्ता मुस्ताक अहमद, जिला सेवादल अध्यक्ष शंभू प्रजापति, एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष मानवर अंसारी, सिराज अंसारी, असलम अंसारी, मोहम्मद अल्तमाश और रंजीत कुजूर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गोपी कृष्ण
गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए