बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से रबी की फसल तबाह

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से रबी की फसल तबाह
लोहरदगा़ लोहरदगा जिले में पिछले चार दिनों से जारी बेमौसम बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि ने अन्नदाताओं की कमर तोड़ दी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, खराब मौसम का सबसे विनाशकारी प्रभाव सेन्हा प्रखंड क्षेत्र में देखा जा रहा है. यहां तैयार हो चुकी रबी फसलें अब बर्बादी की कगार पर हैं, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गयीं हैं.गेहूं की फसल को भारी नुकसान : सेन्हा क्षेत्र के खेतों में खड़ी गेहूं की सुनहरी फसल सबसे अधिक प्रभावित हुई है. तेज हवाओं के कारण गेहूं के पौधे खेतों में गिर गये हैं और लगातार जलजमाव के कारण कटाई व मड़ाई का काम पूरी तरह ठप हो गया है. भीगने के कारण अनाज की गुणवत्ता खराब होने और उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका प्रबल हो गयी है. सब्जी की खेती पर संकट : न केवल अनाज, बल्कि नकदी फसलों पर भी मौसम की मार पड़ी है. खेतों में पानी भर जाने से टमाटर, फूलगोभी, भिंडी, बोदी, मिर्च, बैंगन और फ्रेंचबीन जैसी सब्जियां सड़ने लगी हैं. किसानों का कहना है कि यदि धूप नहीं निकली, तो पूरी लागत पूंजी डूब जायेगी. आर्थिक संकट में किसान : क्षेत्र के पीड़ित किसान श्यामप्रात नायक, रामचंद्र उरांव, गोपाल नायक, प्रकाश साहू, बिनोद महतो आदि ने अपना दुख साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर और कड़ी मेहनत से फसल तैयार की थी. बेमौसम बारिश ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. अब उन्हें परिवार के भरण-पोषण और कर्ज चुकाने के लिए आर्थिक संकट का डर सता रहा है. मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी चेतावनी जारी रहने से किसान सहमे हुए हैं और अब जिला प्रशासन से उचित मुआवजे व राहत की गुहार लगा रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










