लोहरदगा का ग्रेड-ए आम्रपाली आम का स्वाद पहुंचेगा दुबई और इटली

Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 14 Jun 2026 7:59 PM

विज्ञापन

लोहरदगा का ग्रेड-ए आम्रपाली आम का स्वाद पहुंचेगा दुबई और इटली

विज्ञापन

लोहरदगा़ जिले के कुड़ू प्रखंड अंतर्गत सलगी पंचायत के रोचो बरवाटोली गांव ने आम उत्पादन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी पहचान बनायी है. यहां किसानों द्वारा जैविक पद्धति से उत्पादित ग्रेड-ए आम्रपाली आम की मांग दुबई और इटली जैसे देशों में बढ़ी है. इसी कड़ी में उपायुक्त संदीप कुमार मीणा ने रविवार को 1.5 मीट्रिक टन आम्रपाली आम की खेप को हरी झंडी दिखाकर कोलकाता रवाना किया, जहां से इसे समुद्री मार्ग द्वारा दुबई और इटली भेजा जायेगा. यह निर्यात एपीडा और स्थानीय एफपीओ के सहयोग से किया जा रहा है. विशेषज्ञों की देखरेख में आमों की छंटाई : अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करने के लिए विशेषज्ञों की देखरेख में आमों की छंटाई, ग्रेडिंग और विशेष कोल्ड चेन पैकेजिंग की गयी है. इस ऐतिहासिक अवसर पर रोचो बरवाटोली के किसानों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वैश्विक बाजार मिलने से उनकी प्रति किलो आय दोगुनी होने की उम्मीद है. डीसी ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन इनके जैविक प्रमाणन और बेहतर विपणन के लिए निरंतर प्रयासरत है. 25 एकड़ में बागवानी, 32 परिवारों को रोजगार : रोचो बरवाटोली गांव में करीब 25 एकड़ क्षेत्र में आम्रपाली और मल्लिका किस्म के आम की बागवानी की जा रही है. गांव के कुल 32 परिवार इस गतिविधि से जुड़कर अपनी आजीविका मजबूत कर रहे हैं. बिरसा हरित ग्राम योजना से बदली सूरत : मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना जिले के किसानों के लिए वरदान साबित हुई है. वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक 6,306 एकड़ में आम के बाग लगाये गये, जिससे 7,288 किसान लाभान्वित हुए. वर्तमान में 1,780 एकड़ क्षेत्र फल देने की स्थिति में है और वर्ष 2026-27 में लगभग 2,588 मीट्रिक टन आम उत्पादन का अनुमान है. स्थानीय स्तर पर आम्रपाली, मल्लिका, हिमसागर और लंगड़ा आम की बिक्री जेएसएलपीएस द्वारा दीदी किचन कैंपस के माध्यम से की जा रही है. अब वैश्विक बाजार मिलने से किसानों की आर्थिक समृद्धि के नये द्वार खुल गये हैं.

विज्ञापन
SHAILESH AMBASHTHA

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola