बदसलूकी के विरोध में कुड़ू-उदयपुरा फोरलेन बाइपास का निर्माण कार्य ठप
बदसलूकी के विरोध में कुड़ू-उदयपुरा फोरलेन बाइपास का निर्माण कार्य ठप
कुड़ू़ नेशनल हाइवे 39 पर कुड़ू के ढुलुवाखुंटा से लातेहार के उदयपुरा तक निर्माणाधीन बाइपास फोरलेन सड़क का काम सोमवार दोपहर से पूरी तरह बंद है. एक जनप्रतिनिधि और उनके 40-50 कार्यकर्ताओं द्वारा निर्माण स्थल पर पहुंचकर एनएचएआइ व निर्माण कंपनी के कर्मियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और हाथापाई की गयी, जिससे आहत होकर मजदूरों और कर्मियों ने काम करने से इनकार कर दिया. इसके कारण मंगलवार को दिनभर कार्यस्थल पर सन्नाटा पसरा रहा. रैयतों का तत्काल मुआवजा भुगतान हो : कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि अधिग्रहित जमीन के रैयतों का तत्काल मुआवजा भुगतान हो, निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुसार सुधरे, सरकारी दर पर मजदूरी मिले और सुरक्षा मानकों का पालन किया जाये. कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक काम बंद रहेगा. इधर, एनएचएआइ के कर्मियों का कहना है कि बदसलूकी के माहौल में काम करना संभव नहीं है. अधिकारियों के मुताबिक, जमीन का मुआवजा जिला भू-अर्जन विभाग द्वारा दिया जा रहा है और केवल विवादित जमीनों का ही भुगतान लंबित है. कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि यह मामला किसी आपराधिक गिरोह की धमकी या सुरक्षा में चूक का नहीं है. निर्माण स्थल पर लगातार पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि एनएचएआइ, निर्माण कंपनी और जनप्रतिनिधि आपसी सहमति बनाकर काम शुरू करें, पुलिस उन्हें पूरी सुरक्षा देगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










