केंद्र के खिलाफ सड़कों पर JMM: लोहरदगा के 6 प्रखंडों में धरना, जिलाध्यक्ष की चेतावनी- कानून वापस लो वरना तेज होगा आंदोलन

Updated:
विज्ञापन

धरना-प्रदर्शन में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ लोहरदगा में धरना-प्रदर्शन किया. पार्टी ने राज्य के खनिज संपदा पर कथित हस्तक्षेप का विरोध करते हुए कहा कि हक छीना नहीं जाएगा.

विज्ञापन

लोहरदगा. केंद्र सरकार की नीतियों, झारखंड की खनिज संपदा को लेकर कथित हस्तक्षेप और बढ़ती महंगाई के विरोध में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से किस्को प्रखंड मुख्यालय में एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष विनेश कुमार गुप्ता ने की. मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद मौजूद रहे.

विज्ञापन

राज्य के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं

धरना को संबोधित करते हुए मोजम्मिल अहमद ने केंद्र सरकार पर झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार जमाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से है. इन संसाधनों से जुड़े राज्य के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने केंद्र सरकार से संबंधित कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की. उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिकार और जनता के हित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. मोजम्मिल अहमद ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो झामुमो सड़क पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगा.

बढ़ती महंगाई से परिवारों पर बढ़ रहा आर्थिक दबाव

झामुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का असर आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है. लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है. उन्होंने केंद्र सरकार से जनहित में नीतियों की समीक्षा करने और आम लोगों को राहत देने की मांग की.

ये भी पढ़ें: कुड़ू के टिको पोखरा टोली में आज सजेगी कर्मा पूर्व संध्या की महफिल, 40 खोड़हा दल लेंगे हिस्सा

केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

उन्होंने बताया कि झामुमो सेंट्रल कमेटी के निर्देश पर लोहरदगा जिले के किस्को, कुड़ू, भंडरा, सेन्हा, कैरो और पेशरार प्रखंड मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के समक्ष विरोध दर्ज कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. धरना-प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जिन नीतियों व कानूनों को पार्टी कथित जनविरोधी बता रही है, उन्हें वापस लेने की मांग की. कार्यक्रम में पूर्व प्रखंड अध्यक्ष साकिर हुसैन अंसारी, इसरार अहमद समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: Lohardaga News : पुल तोड़कर छोड़ दिया, कीचड़ भरे रास्ते से आने-जाने को मजबूर ग्रामीण

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola