आनंदपुर-बानपुर सड़क पर उखड़ी गिट्टी और निकले नुकीले पत्थर, बाइक सवार हो रहे घायल
जर्जर सड़क | Prabhat Khabar Network
किस्को प्रखंड की आनंदपुर-बानपुर सड़क तीन किलोमीटर तक पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. इस सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और नुकीले पत्थरों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्कूली बच्चे, मरीज और किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, और वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं हुई है.
किस्को (लोहरदगा): किस्को प्रखंड क्षेत्र के आनंदपुर से बानपुर तक जाने वाली करीब तीन किलोमीटर सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. कई स्थानों पर गिट्टी उखड़ चुकी है और नुकीले पत्थर बाहर निकल आये हैं. इससे इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दर्जनों गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है सड़क
आनंदपुर-बानपुर सड़क बानपुर, बंजारी, दसरा टोली, आनंदपुर, रोटवा टोली समेत दर्जनों गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है. बाजार, स्वास्थ्य केंद्र, प्रखंड कार्यालय और पंचायत से संबंधित काम के लिए भी ग्रामीण इसी सड़क से आवागमन करते हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है.
ये भी पढ़ें- Ranchi में मवेशियों से भरा गाड़ी पकड़ा, तस्कर को दबोचा और लोगों ने वाहन में लगा दी आग
स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी
सड़क की जर्जर स्थिति का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों पर पड़ रहा है. ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है. बारिश के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और खराब हो जाती है. ग्रामीणों के अनुसार, कई बार बाइक सवार गड्ढों के कारण गिरकर घायल भी हो चुके हैं.
वर्षों से सड़क निर्माण की मांग, नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है. इस संबंध में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को कई बार आवेदन भी दिया गया. ग्रामीणों को हर बार सड़क निर्माण का आश्वासन मिला, लेकिन अब तक सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आनंदपुर-बानपुर सड़क की जल्द मरम्मत कराने और इसका पक्कीकरण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के दुरुस्त होने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.
ये भी पढ़ें- Ranchi Crime: गश्ती के दौरान अपराधियों से भिड़े सब इंस्पेक्टर, मारपीट के बाद भी तीन को पकड़ा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए