झुंड से बिछड़ा हाथी देर रात पहुंचा शहरी क्षेत्र, मचा हड़कंप

झुंड से बिछड़ा हाथी देर रात पहुंचा शहरी क्षेत्र, मचा हड़कंप
कुड़ू़ कुड़ू थाना क्षेत्र के शहरी इलाके में बुधवार देर रात एक दंतैल हाथी के पहुंचने से हड़कंप मच गया. झुंड से बिछड़ा यह हाथी रात करीब 11 बजे कुड़ू स्थित नीचे स्टैंड तक पहुंच गया था. हाथी के आने की खबर मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण उसे देखने के लिए उमड़ पड़े. रात भर दहशत में रहे लोग : हाथी के शहरी क्षेत्र में विचरण की सूचना के बाद आधा दर्जन गांवों के लोग पूरी रात जागकर दहशत में बिताने को मजबूर हुए. बताया जाता है कि यह हाथी पिछले एक सप्ताह से कुड़ू और चंदवा थाना की सीमावर्ती बरवाटोली जंगल में डेरा जमाये हुए था. बुधवार शाम को हाथी जंगल से निकलकर रूद और परसा टोली होते हुए माराडीह और ढुलुवाखुंटा के रास्ते मुख्य पथ तक पहुंच गया. पुलिस व वन विभाग की टीम रही सक्रिय : मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अजीत कुमार और वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने व हाथी से दूर रहने की अपील की. पुलिस की सक्रियता से लोगों को भीड़ वाली जगह से हटाया गया. इसके बाद हाथी जामड़ी गांव के खेतों से होते हुए दोबा, उडुमुड़ू और जिंगी के रास्ते गुरुवार अहले सुबह राहें पहाड़ की ओर चला गया. वन विभाग की टीम लगातार हाथी के विचरण पर निगरानी रख रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




