नशामुक्त समाज के लिए विशेष जागरूकता रथ रवाना, 26 तक चलेगा अभियान
नशामुक्त समाज के लिए विशेष जागरूकता रथ रवाना, 26 तक चलेगा अभियान
लोहरदगा़ राज्य सरकार के निर्देश पर जिले में 15 से 26 जून 2026 तक विशेष नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से डीसी संदीप कुमार मीणा तथा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने समाहरणालय परिसर से विशेष एलईडी प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और नगर क्षेत्रों में चलाया जायेगा, जिसके तहत प्रखंड व पंचायत भवनों में लोगों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलायी जायेगी. रथों के माध्यम से ऑडियो संदेश, प्रचार सामग्री और जनसंवाद के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों व स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी दी जायेगी. डीसी ने नशापान को गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए कहा कि यह व्यक्ति को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक संकट में धकेलता है. उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद व रचनात्मक कार्यों से जुड़ने तथा नागरिकों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की. इस मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, डीडीसी राज महेश्वरम, पीडी आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे. भंडरा प्रखंड में आम उत्सव सह बागवानी मेला आयोजित
भंडरा. प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत एक दिवसीय आम उत्सव-सह-बागवानी मेला का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन प्रमुख बरिया देवी, बीडीओ प्रतिमा कुमारी और सीओ दुर्गा कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. मेले में विभिन्न गांवों के महिला-पुरुष किसानों ने अपने आमों के आकर्षक स्टॉल लगाये. बीडीओ और सीओ ने कहा कि आम बागवानी ग्रामीणों की स्थायी आजीविका, आर्थिक सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है. प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति, उन्नत बागवानी और जैविक खेती की जानकारी दी. इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. मौके पर बीपीओ अभिषेक किशोर सहित कई अधिकारी, कर्मी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










