डीसी ने की स्व-गणना, जिलेवासियों से पोर्टल के उपयोग की अपील

डीसी ने की स्व-गणना, जिलेवासियों से पोर्टल के उपयोग की अपील
लोहरदगा.भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत आम नागरिकों के लिए पहली बार स्व-गणना का विकल्प उपलब्ध कराया गया है. इसी क्रम में उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज उक्त पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का कार्य किया और पोर्टल में उपायुक्त आवास से संबंधित जनगणना की प्रविष्टि करायी.उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं विशेष पोर्टल (https://se.census.gov.in/) के माध्यम से स्व-गणना (Self Enumeration) किया है। सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे भी पोर्टल पर जाकर स्व-गणना करें और भारत की जनगणना 2027 प्रक्रिया में सहभागी बनें। यह प्रक्रिया अत्यंत सरल एवं सुगम है तथा कुछ ही मिनटों में पूर्ण की जा सकती है। इसमें प्रत्येक नागरिक (https://se.census.gov.in/) लिंक पर जनगणना से जुड़े 33 (तैतीस) प्रश्नों में से अधिकांश के उत्तर फीड कर रख सकते है, जिसे एक्चुअल हाउसलिस्टिंग (16 मई 2026 से 14 जून 2026) के समय प्रगणक द्वारा डोर तो डोर जाने के क्रम में जानकारी लेंगे, जिसका प्रगणक द्वारा सत्यापन करने के उपरान्त डाटा को सिंक किया जायेगा। इससे समय की बचत होगी तथा डेटा की शुद्धता सुनिश्चित होगी और प्रगणकों का कार्य भी सरल होगा.उपायुक्त ने कहा कि भारत की जनगणना 2027 की प्रक्रिया में शामिल होकर एक जागरूक नागरिक का दायित्व निभाएं तथा विशेष पोर्टल (https://se.census.gov.in/) के माध्यम से स्व-गणना करें.जनगणना भारत के संविधान की 7वीं अनुसूची के संघ सूची (अनुच्छेद 246) में क्रम संख्या 69 पर अंकित है तथा जनगणना अधिनियम, 1948 इसके संचालन का विधिक आधार प्रदान करता है। जनगणना के आंकड़े कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन कार्य के लिए आधार बनते हैं। जनगणना 2027, वर्ष 1872 से 16वीं तथा स्वतंत्रता के पश्चात् 8वीं जनगणना है। इसका आयोजन दो चरणों में किया जाना है.प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (हाउस-लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस) (2026) का कार्य किया जाएगा। इसमें स्व-गणना की अवधि 01 मई 2026 से 15 मई 2026 तक होगी। इसमें कोई भी व्यक्ति अपने मकान सूचीकरण से संबंधित व्योरा अंकित कर सकता है। वहीं प्रगणक द्वारा 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक यह कार्य किया जाएगा.द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना का कार्य चलेगा। यह 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा. उपायुक्त ने कहा कि भारत की जनगणना-2027 के इस राष्ट्रीय कार्य में लोहरदगा जिले के नागरिकों से आग्रह है कि वे अपना सक्रिय भागीदारी निभाएँ। स्वगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें एवं इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनायें. जिला प्रशासन सभी जिला वासियों से जनगणना में सहयोग की अपेक्षा करता है.इस मौके पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सूरज कुमार सिन्हा, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सुशील कुमार, जिला समन्वयक सच्चिदानंद सहित अन्य उपस्थित थे़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










