योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय बेहद जरूरी : उपायुक्त

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 01 Jun 2026 10:09 PM

विज्ञापन

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय बेहद जरूरी : उपायुक्त

विज्ञापन

प्रतिनिधि, लोहरदगा उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित हुई. बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों व प्रखंड/अंचल की ओर से प्राप्त विषयों पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक निर्देश देकर निष्पादन का निदेश पदाधिकारियों को दिया गया. उपायुक्त ने जिला विकास समन्वय बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में सभी विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें तथा योजनाओं के निष्पादन में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें. उन्होंने विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

ट्रांसफॉर्मर मैदान के किनारे लगाने करने का निर्देश

जिन लाभुकों को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत बैकयार्ड लेयर एवं ब्रायलर का वितरण स्वीकृत है उनके लिए शेड निर्माण का निर्देश दिया गया. जिला सहकारिता पदाधिकारी को जिन लैम्पसों में गोदाम निर्माण के लिए भूमि की आवश्यकता है उसके लिए संबंधित अंचल अधिकारी को अधियाचना भेजे जाने का निर्देश दिया गया. कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, लोहरदगा को नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय हिरही में विद्युत का कनेक्शन दिये जाने और राजकीयकृत मध्य विद्यालय अर्रू, सेन्हा के मैदान में बीचों बीच अधिष्ठापित ट्रांसफार्मर को मैदान के किनारे अधिष्ठापित करने का निर्देश दिया गया.

भवन के बकाये किराया भुगतान व प्रशासनिक भवन को मुक्त करायें

पीएमश्री राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिढ़नी, पेशरार में चहारदीवारी निर्माण का निर्णय लिया गया. डायट चिरी लोहरदगा के भवन के बकाये किराया भुगतान और प्रशासनिक भवन को मुक्त कराये जाने के लिए आवश्यक निर्देश शिक्षा पदाधिकारी और जिला कौशल पदाधिकारी को दिया गया. जिला के क्षतिग्रस्त/जर्जर विद्यालय भवन को कण्डम घोषित एवं रद्दीकरण के लिए संकल्प के आधार पर कमेटी का गठन करने और कंडम एवं रद्दीकरण के लिए बैठक कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निदेश कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, लोहरदगा को दिया गया. साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि जिन विद्यालयों का भवन जर्जर है उन विद्यालयों को नजदीकी विद्यालय/भवन में शिफ्ट किये जाने का कार्य किया जाये. कैरो पंचायत एवं प्रखंड़ कार्यालय परिसर में पेयजल की उपलब्धता हेतु आवश्यक प्राक्कलन बनाये जाने का निदेश कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लोहरदगा को दिया गया. साथ ही कैरो प्रखंड सह-अंचल कार्यालय एवं पदाधिकारियों व कर्मियों के आवास की मरम्मति की योजना का प्रस्ताव तैयार कराने व स्वीकृति लिये जाने का निदेश कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल लोहरदगा को दिया गया.

सदर अंचल में कला केंद्र के लिए उपलब्ध कराये गये भूमि की व्यवहार्यता देखे जाने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया गया. पेशरार में खेल स्टेडियम के लिए आवश्यक सरकारी भूमि चिन्हित करने का निदेश अंचल अधिकारी, पेशरार को दिया गया.

भू-अर्जन के कार्य में गति लायें

उपायुक्त ने लोहरदगा नदिया मोड़ से ईरगांव वाया अरकोसा-रामपुर पथ एवं ईरगांव से भण्डरा पथ कार्य के विरूद्ध भू-अर्जन हेतु लागत राशि के प्राक्कलन के प्रस्ताव पर निदेश दिया कि उक्त योजना में प्राक्कलन का कार्य किया जाए और संबंधित को भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए.

शमशान स्थल की घेराबंदी के लिए सभा करायें

आदर्श ग्राम भौंरो एवं जिंगी में विलेज डेवलपमेंट प्रोग्राम के अनुसार आवश्यक प्रशिक्षण एवं दोना पत्तल उद्योग सामूहिक योजना के लिए प्राक्कलन बनाये जाने का निदेश डीपीएम जेएसएलपीएस लोहरदगा को दिया गया. आदर्श ग्राम भौंरो में गाय पालन हेतु चिन्हित व प्रतीक्षारत लाभुकों के बीच गाय का वितरण ससमय करा लिये जाने का निदेश जिला गव्य विकास पदाधिकारी को दिया गया. जिला कृषि पदाधिकारी को भी आदर्श ग्राम भौंरो में चिन्हित लाभुकों के बीच सोलर पंप सेट का वितरण कराने हेतु विकास शाखा के समक्ष प्राक्कलन उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया. सांसद आदर्श ग्राम पंचायत बदला के आराहंसा, चंदकोपा एवं बदला में अनुदान पर मत्स्य आहार प्रदान करने का निदेश जिला मत्स्य पदाधिकारी को दिया गया. अलौदी पंचायत के ग्राम अलौदी में शमशान स्थल की घेराबंदी हेतु एक सप्ताह के अंदर ग्राम सभा कराये जाने का निदेश प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सेन्हा को दिया गया. जिंगी पंचायत के राहे ग्राम में स्वीकृत मसना स्थल की घेराबंदी निर्माण के लिए ग्रामसभा कराये जाने का निदेश प्रखंड विकास पदाधिकारी कुडू को दिया गया.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola