सड़क दुर्घटना में घायल युवक की रिम्स में इलाज के दौरान मौत, परिजनों में मातम

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की रिम्स में इलाज के दौरान मौत, परिजनों में मातम
बारियातू़ थाना क्षेत्र के फुलसू गांव के पीपराटोला निवासी मो जाहिद (22 वर्ष) पिता स्व. मनव्वर की शुक्रवार रात रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गयी. उसके निधन की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया. पूरा गांव शोक में डूब गया. ज्ञात हो कि 20 अक्तूबर को मो जाहिद अपने चचेरे भाई दिलनवाज के साथ बाइक से बालूमाथ से अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान बारिखाप गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के समीप एक हाइवा ने उसकी बाइक में धक्का मार दिया था. इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये थे. स्थानीय लोगों ने उन्हें बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दोनों को रिम्स रेफर कर दिया गया था. शुक्रवार की रात इलाज के दौरान जाहिद की मौत हो गयी, जबकि दिलनवाज अभी भी रिम्स में इलाजरत है. शनिवार को जब जाहिद का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया. बताया गया कि छह वर्ष पूर्व ही जाहिद के पिता का निधन हो गया था. घर में अब केवल मां रह गयीं हैं. उसके निधन पर उप प्रमुख निशा शाहदेव, मुखिया तेतरी देवी, पूर्व मुखिया अर्जुन उरांव, जेएमएम प्रखंड उपाध्यक्ष लाल आशीष नाथ शाहदेव, वार्ड सदस्य वसीमा खातून, विजय सिंह, मो नौशाद (गुड्डू नेता), सुखदेव साव, तुलसी यादव, नागेश्वर माहतो, पूरन यादव, मो मोईन, मो मोजीब, कलाम, मो शाहीद, अताउल्लाह सहित कई लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




