अब तक 19 हजार क्विंटल धान की हो चुकी खरीदारी, लक्ष्य पूरा होने पर है संशय

अब तक 19 हजार क्विंटल धान की हो चुकी खरीदारी, लक्ष्य पूरा होने पर है संशय
लातेहार ़ जिले में धान की सरकारी खरीद 15 दिसंबर से शुरू हो चुकी है. जिले के सभी 27 लैंपसों में किसानों से धान की खरीदारी की जा रही है. अब तक जिले के कई किसानों ने विभिन्न लैंपसों में 19 हजार क्विंटल धान की बिक्री की है. इसके एवज में 62 किसानों को करीब एक करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है. विभागीय जानकारी के अनुसार धान बिक्री के लिए जिले के 1606 निबंधित किसानों को लैंपस में धान जमा करने को लेकर एसएमएस भेजा जा चुका है. जिले में कुल 5027 किसान निबंधित हैं. जिनमें से अधिक किसानों को खरीद प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. विभिन्न प्रखंडों में पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लैंपसों का उद्घाटन कर धान खरीद प्रक्रिया की शुरुआत की गयी है ताकि किसानों में विश्वास का माहौल बने और वे बिना किसी परेशानी के अपना धान बेच सकें. हालांकि, धान खरीद व्यवस्था में कुछ कमियां भी सामने आयी हैं. जिले के पांच से छह लैंपसों में अब तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाये जा सके हैं. जिससे पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं. इस वर्ष दो लाख क्विंटल धान की खरीदारी का लक्ष्य रखा गया है. जबकि, जिले में इस साल धान की बंपर उत्पादन हुई है. लेकिन धान क्रय केंद्र के देरी से खुलने के कारण धान की खरीदारी का लक्ष्य पूरा होने में संशय है, क्योकि पहले ही काफी किसानों ने धान स्थानीय व्यापरियों को बेच दिया है. क्या कहते हैं अधिकारी : इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम ने बताया कि जिले के सभी 27 लैंपस में धान की खरीदारी की जा रही है. अब तक जिले मे 19 हजार क्विंटल धान की खरीदारी विभिन्न लैंपसो के माध्यम से की जा चुकी है. उन्होंने बताया कि जिले के 62 किसानों को धान खरीदारी के एवज में भुगतान किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि एक दिन में सभी किसानों को बोनस की राशि भी भेज दी जायेगी. ज्ञात हो कि इस वर्ष राज्य सरकार ने धान की खरीदारी के लिए बोनस सहित 2450 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य निर्धारित किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




