आंधी तूफान से कई घर हुए जमींदोज, पोल्ट्री फार्म तबाह, कई इलाके में बिजली बाधित

Updated at : 06 Apr 2026 9:32 PM (IST)
विज्ञापन
आंधी तूफान से कई घर हुए जमींदोज, पोल्ट्री फार्म तबाह, कई इलाके में बिजली बाधित

आंधी तूफान से कई घर हुए जमींदोज, पोल्ट्री फार्म तबाह, कई इलाके में बिजली बाधित

विज्ञापन

लातेहार ़ जिला मुख्यालय समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार की शाम प्रकृति ने जमकर कहर बरपाया. अचानक आयी भीषण आंधी और तूफानी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. कुदरत के इस प्रहार में कहीं गरीबों के आशियाने उजड़ गये, तो कहीं व्यवसायियों को भारी आर्थिक चपत लगी है. जिला मुख्यालय से लेकर सुदूर गांवों तक तबाही के निशान साफ देखे जा सकते हैं. आशियाने उजड़े, खुले आसमान के नीचे आये परिवार : सदर प्रखंड के जवाहर नवोदय विद्यालय रोड निवासी विकास कुमार के घर को आंधी ने काफी नुकसान पहुंचाया है. घर की एस्बेस्टस की छत पूरी तरह उड़ गयी, परिवार के लोगों ने भागकर अपनी जान बचायी. विकास कुमार के अनुसार उन्हें एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. तरवाडीह पंचायत के लूंडी गांव में सुनेश्वर सिंह का कच्चा घर पूरी तरह तबाह हो गया है. घर की छत उड़ने और बारिश का पानी अंदर घुसने से अनाज और कपड़े नष्ट हो गये हैं, जिससे परिवार के सामने अब दाने-दाने की समस्या खड़ी हो गयी है. वहीं केड़ ग्राम में सोनी देवी और बारियातु खालसा में शिल्पा देवी के खपरैल घर भी इस आपदा की भेंट चढ़ गये. पोल्ट्री फार्म को पांच लाख की क्षति : जलता ग्राम में रानी शिवानी पोल्ट्री फार्म के संचालक पंचम प्रसाद को भारी आर्थिक क्षति हुई है. तेज हवाओं ने उनके फार्म हाउस को ध्वस्त कर दिया, जिसकी चपेट में आने से हजारों चूजों की मौत हो गयी. श्री प्रसाद ने बताया कि इस घटना से उन्हें करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई करना फिलहाल मुश्किल दिख रहा है. अंधेरे में डूबा शहर, सड़कों पर गिरे पेड़ : तूफान के कारण बुनियादी ढांचा पूरी तरह चरमरा गया है. शहर के कई इलाकों में 11 हजार वोल्ट के बिजली तारों में फॉल्ट आने से आपूर्ति ठप हो गयी. जहां मुख्य सड़क पर देर रात बिजली बहाल हुई, वहीं रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लोग रात भर अंधेरे में रहे. यातायात की बात करें तो मोंगर मुख्य पथ पर औरंगा नदी के समीप विशाल पेड़ गिरने से एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा, जिसे बाद में ग्रामीणों ने श्रमदान कर हटाया. मुआवजे की उठी मांग : तबाही की सूचना मिलते ही लातेहार उप प्रमुख राजकुमार प्रसाद ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. उन्होंने पीड़ितों का हाल जाना और जिला प्रशासन से आग्रह किया कि सर्वेक्षण कराकर प्रभावित परिवारों को अविलंब राहत और उचित मुआवजा प्रदान किया जाये.

विज्ञापन
SHAILESH AMBASHTHA

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola