रामनवमी पर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटें : डीआइजी

रामनवमी पर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटें : डीआइजी
लातेहार ़ जिले में आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है. सोमवार को पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) कौशल किशोर ने पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे. रूट चार्ट का होगा भौतिक सत्यापन : बैठक के दौरान डीआइजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रामनवमी के जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था की कोई समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए समय रहते तमाम तैयारियां पूरी कर लें. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलूस के रूटों का पहले ही भौतिक सत्यापन और मुआयना कर लें. डीआइजी ने कहा कि हर हाल में यह सुनिश्चित किया जाये कि अखाड़ा समितियां निर्धारित रूट से ही जुलूस निकालें. साथ ही डीजे संचालकों से बॉन्ड भरवाने का निर्देश दिया, ताकि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अभद्र या भड़काऊ गाने न बजाये जायें. साइबर सेल की 24 घंटे निगरानी : सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त है. डीआइजी ने साइबर सेल को फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के विरुद्ध विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई करें. एसपी कुमार गौरव ने बताया कि जिले का साइबर सेल 24 घंटे सक्रिय है और संदिग्धों को चिह्नित किया जा रहा है. कंट्रोल रूम से साझा करें सूचना : आम नागरिक किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के लैंडलाइन नंबर 06565–247981 अथवा मोबाइल नंबर 08987796308 पर कॉल कर सकते हैं. बैठक के उपरांत डीआइजी ने जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




