तालीम इंसान की जिंदगी संवारती है : हाजी शाह उमैर

तालीम इंसान की जिंदगी संवारती है : हाजी शाह उमैर
बालूमाथ / बारियातू़ बालूमाथ स्थित मदरसा जामिया इस्लामिया खैरूल उलूम परिसर में गुरुवार शाम सालाना जलसा व तालीमी मुजाहिरा का आयोजन किया गया. मदरसे के बच्चों ने अपनी प्रतिभा व प्रदर्शन से लोगों का दिल जीत लिया. मदरसे के छात्रों ने तालीमी मुजाहिरा के तहत नात-ए-पाक, तकरीर व ज्ञानवर्धक मुकाबमा पेश किया. हदीस व इस्लामी क्विज में भी उन्होंने शैक्षणिक योग्यता का परिचय दिया. मुख्य वक्ता जमीयत उलेमा झारखंड के जनरल सेक्रेटरी हाजी शाह उमैर ने आधुनिक युग में दीनी व दुनियावी तालीम की अहमियत पर जोर दिया. कहा कि तालीम इंसान की जिंदगी संवारती है. बच्चों का जोश देखकर लग रहा है कि ये बच्चे भविष्य में अपनी प्रतिभा के बुनियाद पर कामयाबी के झंडे बुलंद करेंगे. जुनैद अनवर ने भी बच्चों की प्रतिभा की तारिफ की. लोहरदगा से आये शायर शहंशाह-ए-तरन्नुम निसार दानिश ने अपनी नात-ए-पाक पेश कर शमां बांध दिया. मौलाना अब्दुल वाजिद चतुर्वेदी ने मजमा से दीनी तालीम पर अहम बात रखी. कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है. समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता आती है. अंत में अमन-चैन व मुल्क की तरक्की की दुआ की गयी. मौके पर मौलाना हाशिम नदवी, कारी साजिद, मुफ्ती शहबाज नदीम मजाहिरी, मुफ्ती एहतशामुल हक कासमी, मौलाना शाहिद नवाज मजाहिरी, मास्टर जमाल, समेत बड़ी संख्या में अभिभावक व छात्र उपस्थित थे. उधर, बारियातू थाना क्षेत्र के इटके गांव स्थित जामिया इस्लामिया अली बिन अबी तालीब परिसर में भी वार्षिक शैक्षणिक व तरबियती कार्यक्रम आयोजित की गयी. मौलाना ओजैर कासमी ने कहा कि आज के दौर में धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ अंग्रेजी, गणित, विज्ञान व टेक्नोलॉजी की शिक्षा बेहद जरूरी है. दीन और दुनिया की तालीम ही बच्चों को कामयाब बनाता है. पवित्र कुरान को हिफ्ज (जुबानी याद) करने के साथ उसके संदेशों को जीवन में उतारना व सभी विषयों में महारत हासिल करना ही सफलता है. जमीयत उलेमा-ए-झारखंड के जनरल सेक्रेटरी हाजी शाह उमैर ने कहा कि कुरान से जुड़ने से हमेशा तरक्की मिलती है. मदरसों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया. मदरसों को जमीयत ओपन स्कूल व जमीयत स्टडी सेंटर से जोड़ने की बात कही. अब्दुल वाजिद चतुर्वेदी ने भी शिक्षा व समाज के विषय पर विस्तार से अपने विचार रखे. बच्चों के बेहतर किरदार निर्माण पर भी जोर दिया. मौलाना अबुशहमा नदवी ने जामिया में अध्ययनरत बच्चों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की. बच्चों ने कुरान तिलावत, अंग्रेजी व उर्दू हिन्दी मे तकरीर व अन्य शैक्षणिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. मौके पर टोंटी पंसस मो होजैफा, सदर मो सालिम, पूर्व सदर मो तौहीद आलम, मौलाना मुर्शीद समेत कई लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




