सड़क पर खुलेआम मवेशियों को नहीं छोड़ने का लिया निर्णय
Published by : DEEPAK Updated At : 17 Aug 2025 10:00 PM
झारखंड के मुख्य पर्यटक स्थल नेतरहाट में इन दिनों सड़कों पर खुलेआम मवेशियों का झुंड घूमने से पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
लातेहार. झारखंड के मुख्य पर्यटक स्थल नेतरहाट में इन दिनों सड़कों पर खुलेआम मवेशियों का झुंड घूमने से पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नेतरहाट के मुख्य सड़क पर अचानक मवेशियों के आने से कई बार वाहनों के साथ दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है. इस समस्या को देखते हुए रविवार को महुआडांड़ अंचलाधिकारी संतोष बैठ एवं थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, मुखिया रामबिशुन नगेसिया के नेतृत्व में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अंचलाधिकारी श्री बैठा ने स्पष्ट शब्दों में ग्रामीणों को हिदायत देते हुए कहा कि वे अपने मवेशियों को अब सड़कों पर नहीं छोड़ें. उन्होंने कहा कि पर्यटक नगरी नेतरहाट की शाख पूरे देश और विदेशों में है. यहां आनेवाले पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है. यदि मवेशियों के कारण कोई भी अप्रिय घटना होती है. इसकी जिम्मेदारी पशुपालकों की होगी और उन पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. थाना प्रभारी श्री सिंह ने पशुपालकों को समझाते हुए कहा कि पशुओं को खुले सड़कों पर छोड़ना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे पर्यटन उद्योग की छवि भी धूमिल होती है. बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि वे आगे से अपने मवेशियों को सड़क पर नहीं छोड़ेंगे. मौके पर कैलाश यादव, गजेंद्र किसान, उमेश वर्मा, धर्मेंद्र ठाकुर, रोहित शर्मा, राजू बड़ाइक, रवि भगत, अशोक उरांव, चंदन कुमार व अजय प्रसाद समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










