खाटू श्याम बाबा के जयकारों से गूंजा झुमरीतिलैया, निकली 58वीं निशान यात्रा
बाबा खाटू श्याम की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
खाटू श्याम बाबा की 58वीं निशान यात्रा धूमधाम से निकली, जिसने पूरे शहर को बाबा के जयकारों से सराबोर कर दिया. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से निशान अर्पित कर बाबा श्याम की पूजा की.
झुमरीतिलैया. खाटू श्याम बाबा की भक्ति में रविवार को पूरा शहर डूबा नजर आया. निशान महिला मंडल की ओर से 58वीं निशान यात्रा निकाली गयी. दुर्गा कॉम्प्लेक्स झंडा चौक से शुरू हुई यात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए श्याम मंदिर पहुंचे. इस दौरान खाटू श्याम बाबा के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ निशान की विधिवत पूजा-अर्चना
यात्रा शुरू होने से पहले पंडित जीवकांत झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ निशान की विधिवत पूजा-अर्चना करायी. इसके बाद श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर स्टेशन रोड, अड्डी बंगला होते हुए भालोटिया मोहल्ला स्थित पोद्दार निवास के श्याम मंदिर पहुंचे. यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से निशान अर्पित कर बाबा श्याम की पूजा की.
भजनों पर झूमते रहे श्रद्धालु
निशान यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन गाते और झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे. ‘जलती रहे खाटू वाले ज्योत तेरी’, ‘मेरी गाड़ी, मेरा बंगला, मेरा पैसा सब तेरा’ और ‘दिलदार कन्हैया ने मुझको अपनाया है’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे रहे. श्रद्धालुओं ने ‘लेने आज खाटू वाले रींगस के उस मोड़ पर’ समेत कई श्याम भजनों का सामूहिक गायन किया. इससे यात्रा का पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा. निशान यात्रा में देवंती देवी, मुरली शर्मा, सारिका केडिया, अंजना केडिया, शालिनी सेठ, कुसुम चौधरी, कविता गुप्ता, पूजा शर्मा, पुष्पा देवी, रितेश सिन्हा, रामसान सिंह समेत महिला मंडल की सदस्य शामिल रहीं.
विभिन्न मंदिरों में सजा बाबा का दरबार
देर शाम पानी टंकी रोड स्थित श्याम मंदिर में बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया. इसके बाद ताली कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ बाबा की आराधना की. वहीं महाराणा प्रताप चौक स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में भी श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया. यहां अखंड ज्योत के साथ भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए