Koderma: KDCA की कमेटी पर लगे वित्तीय गड़बड़ी के आरोप, एसोसिएशन ने बताया निराधार

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कोडरमा क्रिकेट एसोसिएशन (केडीसीए) वित्तीय गड़बड़ी के आरोपों से घिरा है. कुछ क्लबों ने 60 लाख रुपये के गबन का दावा किया, जबकि कमेटी ने आरोपों का खंडन किया. जानें पूरा विवाद.

विज्ञापन

झुमरीतिलैया. कोडरमा डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (केडीसीए) की वर्तमान कमेटी को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है. पहले से विभिन्न आरोप लगाकर विरोध कर रहे कुछ क्लबों के खिलाड़ियों और पूर्व खिलाड़ियों ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर कमेटी पर वित्तीय गड़बड़ी के आरोप लगाए. इसके कुछ घंटे बाद केडीसीए की वर्तमान कमेटी ने भी प्रेस वार्ता कर सभी आरोपों को निराधार बताया.

विज्ञापन

60 लाख रुपये की राशि में निकासी का दावा

बाईपास रोड स्थित शिव वाटिका में आयोजित प्रेस वार्ता में अजय शर्मा, हर्ष सिंह, विशाल सूद, मनोज झा और रवि पासवान समेत अन्य लोगों ने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में जेएससीए की ओर से केडीसीए को करीब 60 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए, जिसमें 36.95 लाख रुपये सेल्फ निकासी के माध्यम से निकाले गए.

अपने मशरूम फार्म को तीन लाख रुपये का भुगतान

उन्होंने आरोप लगाया कि केडीसीए की ओर से अपने मशरूम फार्म को तीन लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि यह फार्म केडीसीए के सचिव दिनेश सिंह की जमीन पर किराये पर संचालित है. आरोप लगाने वालों ने वर्णवाल इंटरप्राइजेज को करीब 5.30 लाख रुपये और अन्य विक्रेताओं को करीब 10 लाख रुपये के भुगतान का भी उल्लेख किया. उन्होंने इन भुगतानों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केडीसीए के कुछ सदस्यों और सचिव के नाम से चेक जारी कर रकम निकाली गयी. इनमें सुधांशु शेखर सिन्हा के नाम से 1.08 लाख रुपये की निकासी का दावा किया गया.

आठ साल के लेन-देन की जांच की मांग

प्रेस वार्ता में क्लबों और स्कूलों से ली जाने वाली फीस को लेकर भी सवाल उठाए गए. आरोप लगाने वाले पक्ष ने पिछले करीब आठ वर्षों में जेएससीए और अन्य स्रोतों से लगभग 83 लाख रुपये प्राप्त होने तथा 50 लाख रुपये से अधिक स्वयं निकासी किए जाने की जांच की मांग की. उन्होंने चुनाव की घोषणा के बाद एजीएम कराने, कुछ क्लबों और लाइफ मेंबर्स को नहीं बुलाने तथा चुनाव लंबित रहने के बावजूद आगामी घरेलू सत्र की घोषणा करने पर भी आपत्ति जतायी.

ये भी पढ़ें: Koderma: ग्रिजली विद्यालय में किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर काउंसलिंग सत्र, शिल्पी सिंह ने दिए टिप्स

बड़े वित्तीय और प्रशासनिक निर्णय लेने से रोका

इस पक्ष ने जेएससीए से बैंक लेन-देन, सेल्फ निकासी, वेंडर भुगतान, क्लब और स्कूल से प्राप्त राशि, टेंडर-कोटेशन प्रक्रिया, अंडर-16 जांच रिपोर्ट, एजीएम और चुनाव प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की. साथ ही कहा कि जांच पूरी होने तक वर्तमान कमेटी को बड़े वित्तीय और प्रशासनिक निर्णय लेने से रोका जाए.

ये भी पढ़ें: Koderma: एनसीसी शिविर में परेड और युद्धक प्रदर्शन, उत्कृष्ट कैडेट्स को किया गया सम्मानित

केडीसीए ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं, छाबड़ा लॉज में आयोजित प्रेस वार्ता में केडीसीए के पदाधिकारियों ने लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया. अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि कुछ लोग पिछले एक साल से अलग-अलग तरह के आरोप लगा रहे हैं. सचिव दिनेश सिंह ने कहा कि जिला क्रिकेट एसोसिएशन के खाते में आने वाली राशि इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट के मैचों के आयोजन के लिए जेएससीए की ओर से सब्सिडी के रूप में दी जाती है. उन्होंने कहा कि इस राशि को खर्च करने के लिए जेएससीए की ओर से मानक निर्धारित हैं और इसकी निगरानी के लिए लाइजन ऑफिसर भी नियुक्त किए जाते रहे हैं.

छाबड़ा लॉज में प्रेस वार्ता करते केडीसीए के पदाधिकारी / Prabhat Khabar
छाबड़ा लॉज में प्रेस वार्ता करते केडीसीए के पदाधिकारी / Prabhat Khabar

कमेटी नियमों के अनुसार काम कर रही है

उन्होंने कहा कि मैच समाप्त होने के बाद खर्च से संबंधित पूरा विवरण जेएससीए को भेजा जाता है. उनके अनुसार, आरोप लगाने वाले लोगों को यह जानकारी नहीं है कि राशि केडीसीए के लिए नहीं, बल्कि जेएससीए द्वारा आवंटित टूर्नामेंट के मैचों के आयोजन के लिए होती है. उपाध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि वर्तमान कमेटी से पहले भी कई लोग जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी रहे हैं, लेकिन उनके कार्यकाल का लेखा-जोखा आज तक सामने नहीं आया. उन्होंने कहा कि वर्तमान कमेटी नियमों के अनुसार काम कर रही है, इसके बावजूद लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं. केडीसीए के पदाधिकारियों ने कहा कि कोडरमा में क्रिकेट गतिविधियां समय पर शुरू की जा रही हैं और जल्द ही इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू किया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इसमें भी राजनीति कर रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola