Koderma: नाबालिगों को बंधक बनाकर मारपीट और वीडियो वायरल करने पर कार्रवाई, पोक्सो और IT एक्ट में FIR
नाबालिगों को बंधक बनाकर मारपीट और वीडियो वायरल करने पर पोक्सो के तहत कार्रवाई
कोडरमा में नाबालिगों को बिजली के खंभे से बांधकर मारपीट और वीडियो वायरल करने के आरोप में 100-150 अज्ञात लोगों के खिलाफ पोक्सो, IT एक्ट में FIR दर्ज की गई है.
कोडरमा . कोडरमा थाना क्षेत्र में तीन नाबालिगों को कथित रूप से बंधक बनाकर मारपीट करने और उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस अवर निरीक्षक रोहित सिंह के आवेदन पर कोडरमा थाना में 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ पोक्सो एक्ट, आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
बिजली के खंभे में रस्सी से बांधकर मारपीट
बताया जाता है कि बीते सोमवार को ग्रामीणों ने एक नाबालिग लड़की के घर से दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा था. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों पर तीनों नाबालिगों को बिजली के खंभे में रस्सी से बांधकर मारपीट करने का आरोप है. घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
मां ने भी दर्ज करायी प्राथमिकी
मामले को लेकर नाबालिग लड़की की मां ने दोनों नाबालिग लड़कों पर जबरन घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है. इधर, तीनों नाबालिगों को बंधक बनाकर मारपीट करने और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने को पुलिस ने गंभीरता से लिया है. मंगलवार को कोडरमा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रोहित सिंह ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी.
वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पकड़े गये तीनों नाबालिग हैं. ऐसे में उनकी पहचान उजागर करने वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करना और उन्हें बंधक बनाकर मारपीट करना कानूनन अपराध है. इसी को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में पोक्सो एक्ट और आईटी एक्ट समेत अन्य धाराएं लगायी गयी हैं. मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए