करम महोत्सव से लौट रही बच्ची को वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

चंदवारा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. करम महोत्सव से लौट रही बच्ची को एक अनियंत्रित वाहन ने कुचल दिया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर मुआवजा और सुरक्षा की मांग की.

विज्ञापन

चंदवारा. चंदवारा थाना क्षेत्र के जामुखांडी के समीप सोमवार दोपहर बाद हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी. मृत बच्ची की पहचान जामुखांडी निवासी राजू सिंह की पुत्री रानी कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. वहीं सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने करीब तीन बजे रांची-पटना रोड को जाम कर दिया. लोग बीच सड़क पर बच्ची का शव रखकर प्रदर्शन करने लगे. इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. मौके पर पहुंचे पदाधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने के करीब तीन घंटे बाद सड़क जाम मुक्त कराया.

विज्ञापन

करमा महोत्सव देखकर मां के साथ लौट रही थी रानी

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, रानी कुमारी जामुखांडी के समीप घटवार समाज द्वारा आयोजित करमा महोत्सव देखने गयी थी. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपनी मां के साथ पैदल घर लौट रही थी. इसी दौरान जामुखांडी के पास सड़क पार करने के क्रम में अनियंत्रित वाहन संख्या एनएल-01-एल-4398 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे वाहन चालक को स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मृतका का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. ग्रामीणों ने करमा महोत्सव जैसे बड़े आयोजन स्थल और आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं होने पर विरोध जताया. लोगों का आरोप था कि यदि कार्यक्रम स्थल और मुख्य सड़क पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस बल तैनात होता, तो इस तरह के हादसे को टाला जा सकता था.

फ्लाई ऐश लदे वाहनों की तेज रफ्तार पर भी सवाल

ग्रामीणों ने स्थानीय पावर प्लांट में फ्लाई ऐश (राख) की ढुलाई में लगे वाहनों की तेज रफ्तार पर भी गंभीर आरोप लगाए. ग्रामीणों का कहना था कि ओवरलोड फ्लाई ऐश लदे वाहन कानूनी कार्रवाई के डर से सड़कों पर तेज गति से दौड़ते हैं, जिससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं.

मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण

घटना की सूचना मिलते ही चंदवारा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है. वहीं सड़क जाम की सूचना पर सीओ अशोक कुमार भारती और थाना प्रभारी प्रेम कुमार भी मौके पर पहुंचे. दोनों ग्रामीणों को समझाने में जुटे थे. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण उचित मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ सड़क जाम पर अड़े हुए थे.

इधर, मामले को लेकर चंदवारा थाना प्रभारी प्रेम कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास जारी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola