हाथी के हमले में किसान की मौत, पत्नी ने भागकर बचाई जान
केदार यादव फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
झारखंड के मरकच्चो में जंगली हाथी के हमले से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। पत्नी ने भागकर अपनी जान बचाई। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को सहायता राशि दी।
मरकच्चो: प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. जंगल से सटे गांवों में लोग लगातार दहशत के साये में जी रहे हैं. रविवार रात थाना क्षेत्र के पपलो पंचायत अंतर्गत खंडराडीह गांव में एक भटके हुए हाथी ने 55 वर्षीय केदार यादव को कुचलकर मार डाला. घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार केदार यादव ने घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं के पास खेत की सिंचाई के लिए पंपसेट लगाया था. वह अपनी पत्नी के साथ उसे देखने जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया. हाथी ने केदार यादव को सूंड से उठाकर पटक दिया और फिर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं उनकी पत्नी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही.
घटना के बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया. इधर घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. सूचना पर वन विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया. सोमवार सुबह रेंजर रविन्द्र कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए तत्काल ₹50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की.
रेंजर ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार की ओर से निर्धारित मुआवजे की शेष राशि भी पीड़ित परिवार को उपलब्ध करा दी जाएगी. इधर, क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने तथा प्रभावित गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए