डीएवी तिलैया ने क्रिकेट व टेबल टेनिस खिताबों पर जमाया कब्जा, खेल में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन
खिलाडी को सम्मानित करते अतिथि. | Prabhat Khabar Network

खिलाडी को सम्मानित करते अतिथि. | Prabhat Khabar Network

कोडरमा के डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता में मेजबान टीम ने क्रिकेट और टेबल टेनिस में शानदार प्रदर्शन कर चैंपियनशिप अपने नाम की।

विज्ञापन

कोडरमा : डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया में आयोजित दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न डीएवी विद्यालयों डीएवी बरकाकाना, डीएवी गिद्दी, डीएवी आरा कुजू, डीएवी बरही तथा मेजबान डीएवी कोडरमा के खिलाड़ियों ने क्रिकेट एवं टेबल टेनिस में उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया.

पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय देकर प्रतियोगिता को यादगार बना दिया. प्रतियोगिता में मेजबान डीएवी कोडरमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट एवं टेबल टेनिस दोनों प्रतियोगिताओं में चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया.

टेबल टेनिस में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएवी बरकाकाना को 3–0 से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की.क्रिकेट प्रतियोगिता में भी डीएवी कोडरमा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया. अंडर-14 वर्ग के मुकाबले में टीम ने डीएवी बरकाकाना को ऑल आउट कर 24 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया. मैच में केशव ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 5 विकेट लेकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का सम्मान अर्जित किया.

अंडर-17 वर्ग के सेमीफाइनल में डीएवी कोडरमा ने डीएवी आरा कुजू को 8 विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया. अंडर-14 क्रिकेट फाइनल में डीएवी कोडरमा और डीएवी बरही आमने-सामने थे. मेजबान टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए डीएवी बरही को ऑल आउट कर 45 रनों से शानदार जीत दर्ज की और विजेता ट्रॉफी एवं शील्ड पर कब्ज़ा जमाया.

अंडर-17 क्रिकेट फाइनल डीएवी कोडरमा एवं डीएवी गिद्दी के बीच खेला गया. इस मुकाबले में डीएवी कोडरमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएवी गिद्दी को पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की. वहीं, अंडर-19 क्रिकेट फाइनल में डीएवी बरकाकाना ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए डीएवी बरही को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया.

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डीएवी गिद्दी के पर्यवेक्षक-सह-प्राचार्य मना प्रिया चटर्जी तथा विशिष्ट अतिथि डीएवी केदला के पर्यवेक्षक-सह-प्राचार्य विकास बनर्जी थे. विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह एवं अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया.

प्राचार्य श्री सिंह ने सभी अतिथियों, विभिन्न डीएवी विद्यालयों से आए खिलाड़ियों, खेल शिक्षकों तथा मेजबान विद्यालय के खेल प्रशिक्षकों उज्ज्वल घोष एवं अनिल कुमार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी. उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का अभिन्न अंग हैं, हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है.

विद्यालय के खेल प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और समर्पण का परिणाम है. कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक कुमार सतीश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया.


विज्ञापन
Rajesh

लेखक के बारे में

By Rajesh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola