मुख्यमंत्री आज कोडरमा में, लोकाई में होगी सभा
Published by : VIKASH NATH Updated At : 04 Feb 2026 7:32 PM
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार पांच फरवरी को कोडरमा आयेंगे. वे यहां लोकाई मैदान में झामुमो की ओर से आयोजित सभा में शामिल होंगे
सभा के लिए बनाया गया है भव्य पंडाल, करीब आठ हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था झामुमो में शामिल होंगी शालिनी गुप्ता, पार्टी का कोडरमा में करेगी नेतृत्व ————————— वरीय संवाददाता, कोडरमा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार पांच फरवरी को कोडरमा आयेंगे. वे यहां लोकाई मैदान में झामुमो की ओर से आयोजित सभा में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पार्टी स्तर से व्यापक तैयारी की गयी है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. लोकाई मैदान में भव्य मंच बनाया गया है, जबकि करीब आठ हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले पंडाल की व्यवस्था की गयी है. मुख्यमंत्री के इस सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी नेता व कार्यकर्ता जुटे हैं. जानकारी के अनुसार पूर्व जिप अध्यक्ष व कोडरमा से विधानसभा चुनाव लड़ कर तीसरा स्थान हासिल करने वाली महिला नेत्री शालिनी गुप्ता इस सभा में झामुमो का दामन थामेंगी. शालिनी गुप्ता के झामुमो में शामिल कराने को लेकर उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. वह आगे कोडरमा में पार्टी का नेतृत्व करेंगी. सभा में मुख्यमंत्री के अलावा गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन व नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार के भी शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी शिरकत करेंगे. आयोजन स्थल में करीब एक घंटा रहेंगे सीएम तय कार्यक्रम के अनुसार लोकाई मैदान में करीब एक घंटे तक मुख्यमंत्री रहेंगे. इससे पहले सीएम हेलीकॉप्टर से दोपहर 12:05 बजे जेजे कॉलेज मैदान पहुंचेंगे. यहां से सड़क मार्ग से वे लोकाई मैदान जाएंगे, जहां 12:20 से 1:20 बजे तक सभा में शामिल होंगे. इसके बाद वापस जेजे कॉलेज मैदान में बने अस्थायी हैलीपैड पहुंच रांची के लिए रवाना हो जाएंगे. डीसी-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा इधर, मुख्यमंत्री के कोडरमा में आगमन कार्यक्रम को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसी ऋतुराज, एसपी अनुदीप सिंह ने बुधवार को आयोजन स्थल व हैलीथैड स्थल का जायजा लिया. सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए कोडरमा से लोकाई तक की सड़क की दशा में सुधारी गई है. निरीक्षण के दौरान डीसी ने अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए. बताया जाता है कि करीब 30 दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को जगह-जगह प्रतिनियुक्त किया गया है. जिला पुलिस के अलावा अन्य जिलों के पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है. ऐतिहासिक होगी सीएम की सभा : जिला प्रवक्ता झामुमो के जिला प्रवक्ता वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री की सभा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है. यह सभा ऐतिहासिक होगी. हमें उम्मीद है कि सीएम अपने संबोधन में कोडरमा जिला के लिए नई सौगात देंगे. स्थानीय रोजगार का साधन बंद होना व पलायन बढ़ना कोडरमा की प्रमुख समस्या है. कोडरमा विधानसभा व लोकसभा में भाजपा के जनप्रतिनिधि हैं और यहां का विकास लगातार अवरुद्व हुआ है. ऐसे में कोडरमा में भी बदलाव की जरूरत है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










