झांसा देकर हजारों रुपये की ठगी, मोबाइल भी ले गये

झांसा में लेकर वे बैग और मोबाइल ले गये. बैग में नकद पांच हजार व कागजात थे
झुमरीतिलैया. कोडरमा स्टेशन पर सक्रिय ठग गिरोह ने एक यात्री को निशाना बनाते हुए उससे हजारों रुपये ठग लिये. घटना को लेकर पीड़ित जनार्दन पंडित (निवासी चौबे हजारीबाग) ने तिलैया पुलिस से शिकायत की है. पीड़ित के अनुसार, वह सोमवार की सुबह करीब 6:30 बजे गुजरात से वापस कोडरमा स्टेशन 12937 गरबा एक्सप्रेस से आया. यहां प्लेटफार्म के पास एक युवक मिला और अचानक बातचीत करने लगा. उसने कहा आज गरबा एक्सप्रेस में बहुत भीड़ थी. मैं भी उसी से आया हूं. कहां घर है. बताने पर बोला मैं भी उधर जाउंगा, मुझे लेने के लिए चार पहिया वाहन आया है साथ ले चलेंगे. फिर खुद को बैंक पदाधिकारी बताते हुए बैग में मुहर लगवाने की बात करने लगा. इस बीच एक अन्य व्यक्ति आया और दोनों ने मुझे झांसा में लेकर मेरे बैग में मुहर लगवाने की बात कही. साथ ही अपना बैग देकर रखने को कहा. इससे पहले दोनों लोगों ने मेरा मोबाइल भी लिया और उसका पासवर्ड पूछा. झांसा में लेकर वे बैग और मोबाइल ले गये. बैग में नकद पांच हजार व कागजात थे, जबकि आरोपियों ने मोबाइल फोन से यूपीआई के जरिये उनके बैंक खाता से 25 हजार रुपये भी निकाल लिये.
सीओ ने किया रेशमी गैस एजेंसी का निरीक्षण
जयनगर. उपायुक्त के निर्देश पर गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए सीओ सारांश जैन ने सोमवार को कटिया स्थित रेशमी इंडियन गैस एजेंसी का निरीक्षण किया. उन्होंने एजेंसी में उपलब्ध एलपीजी गैस की स्थिति, बुकिंग, लंबित आपूर्ति तथा वितरण व्यवस्था से संबंधित अभिलेखों की जांच की. सीओ सारांश जैन ने बताया कि कटिया स्थित एजेंसी में एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. एजेंसी संचालक को निर्देश दिया कि 13, 14 एवं 15 मार्च की लंबित बुकिंग को जल्द से जल्द उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाये. साथ ही 16 मार्च को हुई बुकिंग की भी तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. सीओ ने यह भी कहा कि गैस वितरण के दौरान स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिकता दी जाये, ताकि बच्चों के भोजन बनाने में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




