आठ अनशनकारियों की हालत बिगड़ी

Updated at : 02 Mar 2017 8:25 AM (IST)
विज्ञापन
आठ अनशनकारियों की हालत बिगड़ी

एक बार फिर विफल हुआ वार्ता का प्रयास, अनशन तीसरे दिन जारी कोडरमा बाजार : बांझेडीह पावर प्लांट के लिए करियावां में बनने वाले एसपौंड के खिलाफ विस्थापित ग्रामीणों का आमरण अनशन बुधवार को तीसरे दिन जारी रहा. अपनी मांगों के समर्थन में ग्रामीणों द्वारा आयोजित आमरण अनशन के तीसरे दिन जहां कई अनशनकारियों की […]

विज्ञापन
एक बार फिर विफल हुआ वार्ता का प्रयास, अनशन तीसरे दिन जारी
कोडरमा बाजार : बांझेडीह पावर प्लांट के लिए करियावां में बनने वाले एसपौंड के खिलाफ विस्थापित ग्रामीणों का आमरण अनशन बुधवार को तीसरे दिन जारी रहा. अपनी मांगों के समर्थन में ग्रामीणों द्वारा आयोजित आमरण अनशन के तीसरे दिन जहां कई अनशनकारियों की हालात बिगड़ गयी, वहीं दिन भर अनशन स्थल पर नेताओं का जमावाड़ा लगा रहा. पक्ष व विपक्ष के नेताओं ने अपनी बात रखते हुए ग्रामीणों से जानकारी ली. इधर, बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से एक बार फिर वार्ता का प्रयास कर अनशन समाप्त करने की पहल हुई, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर डटे रहें.
इधर, जिन अनशनकारियों की हालत बिगड़ी, उन्हें चिकित्सीय संरक्षण में स्लाइन चढ़ाया जा रहा है. अनशन स्थल पर पहुंचे नेताओं ने अनशनकारियों को अपना नैतिक समर्थन देते हुए उनकी मांगों को जायज बताते हुए सरकार से मांगें पूरी करने की बात कही. आवास बोर्ड अध्यक्ष व बरकट्ठा के विधायक प्रो जानकी यादव, पूर्व विधायक अमित यादव, पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राजद जिला अध्यक्ष अनवारुल हक, सपा जिला अध्यक्ष सुभाष राणा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि रामचंद्र सिंह आदि ने अनशनकारियों का हौसला बढ़ाते हुए सरकार से अबिलंब मांगें पूरी करने की बात कही. इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डीवीसी प्रबंधन कानून का रोब दिखा कर एसपौंड का निर्माण करवाना चाह रही है, मगर एसपौंड से निकलने वाले प्रदूषण से ग्रामीणों का बचाव कैसे हो, इस पर आंख बंद की हुई है.
कहा कि डीवीसी वादाखिलाफी पर उतर गयी है. पहले टाउनशिप का सब्जबाग दिखा कर उनकी कीमती जमीनें ले ली. अब उस पर एसपौंड बना कर ग्रामीणों को धूल और धुआं खाने को मजबूर कर रही है. ऐसा नहीं चलेगा. प्रबंधन गांव से सटा कर एसपौंड बनाना बंद करें या फिर कारियावां के सभी ग्रामीणों को पूरी विस्थापित कर गांव को खाली करवा दें. तीसरे दिन आठ अनशन कारियों की स्थिति बिगड़ने के बाद डॉ मनोज कुमार द्वारा स्वास्थ्य जांच कर सभी को सलाइन चढ़ाया जा रहा है. चिकित्सक के मुताबिक अनशनकारियों की स्थिति नियंत्रण में है.
गांव में नेट नहीं और सरकार दिखा रही है डिजिटल का सपना
पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने ग्रामीणों के आंदोलन को जायज बताते हुए कहा कि इस मामले में सरकार को जल्द से जल्द पहल करनी चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गांवों में इंटरनेट की सुविधा नहीं है और सरकार जनता को डिजिटल झारखंड बनाने का सपना दिखाने में लगी हुई है. यह सरकार जन विरोधी नीतियों पर काम कर रही है. उन्हें गरीबों से कुछ लेना देना नहीं है. आने वाले समय में राज्य की जनता इस सरकार को सबक सिखायेगी. मौके पर जिलाध्यक्ष अनवारुल हक, छोटे सरकार, राजू छाबड़ा, कृष्णा बरहपुरिया मौजूद थे.
जरूरत पड़ी, तो सीएम से बात करेंगे : जानकी यादव
बरकट्ठा विधायक सह आवास बोर्ड के अध्यक्ष प्रो जानकी यादव बुधवार को घंटों अनशन स्थल पर रहें.उन्होंने अनशनकारियों से बातचीत कर अनशन तुड़वाने का प्रयास करते दिखे. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांगें जायज है. उपायुक्त से बात कर दोनों पक्षों में वार्ता करवा कर अनशन तुड़वाने का प्रयास किया जा रहा है. यदि जरूरत पड़ी, तो राज्य के मुख्यमंत्री से भी बात की जायेगी. अनशनकारियों से बात कर श्री यादव उपायुक्त से मिले. बाद में शाम को अनशन स्थल पर पहुंच कर उन्होंने कहा कि डीसी से बात हो गयी है. जिला प्रशासन ने लिखित रूप से प्रदूषण बोर्ड की टीम स्थल जांच कर गांव से कितने दूर में एसपौंड का निर्माण होगा, इसका लिखित आश्वासन देने को तैयार है. मौके पर पोखराज राणा कौलेश्वर सिंह, बिहारी यादव, अर्जुन सिंह, रूप नारायण शर्मा, कपिल बढ़ई, महबूब अंसारी मौजूद थे.
अनशन स्थल पर बेहोश हुआ युवक, ग्रामीणों ने गेट बंद किया
शाम को अनशन स्थल पर एक युवक बिहारी यादव (अनशनकारी नहीं) के अचानक बेहोश हो जाने से अनशन स्थल पर बैठे ग्रामीण एकाएक आक्रोशित हो उठे. उन्होंने नारेबाजी करते हुए कुछ देर के लिए समाहरणालय के दोनों प्रवेश गेट को बंद कर दिया. हालांकि कुछ देर बाद सब कुछ सामान्य होते ही गेट खोल दिया गया. इधर, देर शाम तक वार्ता का दौर चला, जो अंततः विफल हुआ.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola