एक और आरोपी गुड्डू बहादुर गिरफ्तार

Updated at : 20 Jan 2017 9:08 AM (IST)
विज्ञापन
एक और आरोपी गुड्डू बहादुर गिरफ्तार

एसपी खुद कर रहे हैं मामले की मॉनिटरिंग, देर रात थाना में जमे हैं एसडीपीओ व डीएसपी झुमरीतिलैया : कोडरमा जिले में चल रहे अवैध अंगरेजी शराब का कारोबार मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्त गुड्डू बहादुर से तिलैया थाना में पूछताछ की जा रही है. इस मामले में […]

विज्ञापन
एसपी खुद कर रहे हैं मामले की मॉनिटरिंग, देर रात थाना में जमे हैं एसडीपीओ व डीएसपी
झुमरीतिलैया : कोडरमा जिले में चल रहे अवैध अंगरेजी शराब का कारोबार मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्त गुड्डू बहादुर से तिलैया थाना में पूछताछ की जा रही है. इस मामले में नामजद आरोपी बनाये गये आजसू नेता संजय यादव व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी करने का दावा पुलिस कर रही है.
नये एसपी सुरेंद्र कुमार झा के निर्देश पर तिलैया थाना प्रभारी महेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार को छापामारी कर गुड्डू बहादुर को गिरफ्तार किया. गुड्डू बीते दिन पटना एसटीएफ व नवादा पुलिस की ओर से तिलैया के अलग-अलग जगहों से बरामद किये गये अवैध अंगरेजी शराब मामले में नामजद अभियुक्त है और गिरोह का सदस्य भी है. गुड्डू को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह बरही से चौपारण के बीच स्थित एक होटल में खाना खा रहा था. सूचना के आधार पर पहुंचे तिलैया थाना के पैंथर जवानों राहुल पाठक, धर्मेंद्र देव, सुनील कुमार, विनोद सिंह, देवेंद्र कुमार ने उसे धर दबोचा.
उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस घंटों जगह-जगह छापामारी करती रही. समाचार लिखे जाने तक कोई विशेष सफलता हाथ नहीं लगी है. बताया जाता है कि एसपी एसके झा खुद पूरे मामले की माॅनिटरिंग करते हुए पल-पल की जानकारी ले रहे है. आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर प्रयास किया जा रहा है. गुड्डू बहादुर को देर शाम तिलैया थाना लाया गया. यहां पर एसडीपीओ चंदेश्वर प्रसाद, डीएसपी कर्मपाल उरांव भी मौजूद थे. गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ चल रही है. ज्ञात हो कि बीते दिन पटना एसटीएफ व नवादा पुलिस ने छापामारी कर आजसू नेता संजय यादव के अलग-अलग ठिकानों से 1409 पेटी अवैध अंगरेजी शराब जब्त की थी. पुलिस टीम ने एक ट्रक, एक 407 व पिकअप वैन पर लदी शराब के साथ ही कोरियाडीह स्थित एक गोदाम से भारी मात्रा में शराब जब्त की थी.
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बाद कोडरमा का शराब माफिया गिरोह बड़े स्तर पर शराब की तस्करी बिहार कर रहा था. लगातार पांच ट्रक पकड़े जाने के बाद एसटीएफ पटना की टीम ने तिलैया में दबिश बढ़ायी, जिसमें बड़ी सफलता हाथ लगी थी. इस दौरान स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे. टीम की ओर से की शराब बरामदगी के बाद गिरफ्तार दो अभियुक्त सेवई सिंह व सुनील यादव को तिलैया पुलिस को सौंप दिया गया था, जबकि इस संबंध में दर्ज थाना कांड संख्या 12/17 में संजय यादव, मनोज यादव, गुड्डू बहादुर, मनोज चिकना के अलावा गोदाम मालिक चंदन यादव को अरोपी बनाया गया था.
तिलैया के राजेश यादव का निकला 407 वाहन
इधर, पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है. तिलैया पुलिस की ओर से किये गये वाहन सत्यापन के दौरान शराब लदी 407 वाहन (नंबर जेएच-12एफ-7693) का मालिक राजेश यादव (पिता- रामचंद्र यादव), नवादा बस्ती, तिलैया निकला. अब पुलिस राजेश यादव के विरुद्व भी कार्रवाई की तैयारी में है. राजेश यादव मुख्य अभियुक्त संजय यादव का रिश्तेदार बताया जाता है. जब्त तीन वाहनों में सत्यापन के दौरान एक पिकअप वैन का नंबर फरजी निकल चुका है.
बिहार के पुलिस पदाधिकारियों के साथ जल्द होगी बैठक
पड़ोसी राज्य बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद शराब तस्करी कोडरमा के रास्ते अधिक हो रहा है. इस तरह का मामला सामने आने के बाद बिहार की एसटीएफ ने लगातार सख्ती बरती, पर पूरी कामयाबी नहीं मिली है. बीते दिन टीम ने तिलैया में भारी मात्रा में शराब बरामद की. पर इस गिरोह में माफिया, सफेदपोश के शामिल होने की बात सामने आने के बाद पुलिस पदाधिकारी हर स्तर से जांच करने में लगे हैं. बताया जाता है कि बहुत जल्द कोडरमा के नये पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार झा व एसटीएफ पटना, नवादा पुलिस के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक होगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola