17 से 25 सितंबर तक स्वच्छता सप्ताह मनायेगा रेलवे
Updated at : 17 Sep 2016 7:27 AM (IST)
विज्ञापन

रेलवे स्टेशन परिसर व ट्रेनों में स्वच्छता का ध्यान रखने का जारी किया गया निर्देश कोडरमा : रेल मंत्रालय के निर्देश पर रेलवे 17 सितंबर से 25 सितंबर तक स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत के तहत स्वच्छता सप्ताह मनाने जा रहा है. अभियान के तहत पूर्व मध्य रेल, मुख्यालय व पांचों मंडलों में भी स्वच्छता सप्ताह का […]
विज्ञापन
रेलवे स्टेशन परिसर व ट्रेनों में स्वच्छता का
ध्यान रखने का जारी किया गया निर्देश
कोडरमा : रेल मंत्रालय के निर्देश पर रेलवे 17 सितंबर से 25 सितंबर तक स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत के तहत स्वच्छता सप्ताह मनाने जा रहा है. अभियान के तहत पूर्व मध्य रेल, मुख्यालय व पांचों मंडलों में भी स्वच्छता सप्ताह का आयोजन किया जायेगा. इस दौरान जहां रेलवे स्टेशन परिसर व ट्रेनों में स्वच्छता, वाटर-बूथ की स्वच्छता एवं पेयजल की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाना है, वहीं नालों की साफ-सफाई, डस्टबीन की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता, कचरे का निष्पादन भी किया जाना है.
इसके अलावा एनजीओ व चेरिटेबल संस्थान के सहयोग से आमलोगों के बीच स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाने व मीडिया से संपर्क स्थापित करने जैसे अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे. स्वच्छता सप्ताह के दौरान 17 सितंबर को स्वच्छ पर्यावरण दिवस, 18 सितंबर को स्वच्छ स्टेशन दिवस, 19 सितंबर को स्वच्छ रेल गाड़ी दिवस, 20 सितंबर को स्वच्छ नीर दिवस, 21 सितंबर को स्वच्छ परिसर दिवस, 22 को स्वच्छ सहयोग दिवस, 23 को स्वच्छ संवाद दिवस, 24 को स्वच्छ समर्पण दिवस और 25 सितंबर को स्वच्छ आहार दिवस के रूप में मनाया जायेगा.
‘फिल द डस्टबिन’ व ‘डोनेट द डस्टबीन’ अभियान भी चलेगा
17 सितंबर को स्वच्छ पर्यावरण दिवस पर रेलवे स्टेशनों व ट्रेनों में सामान्य सफाई के साथ रेल परिसर में स्थित पेड़-पौधों के अतिरिक्त टहनियों की छंटाई, पौधारोपण आदि किया जायेगा.
साथ ही ट्रेनों, रेल स्टेशनों व डिपो में कूड़ा संग्रहण व निबटाने के कार्य किये जायेंगे, जबकि 18 को स्वच्छ स्टेशन दिवस के अवसर पर सभी स्टेशनों की विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जायेगा. सभी ए-1 व ए श्रेणी के स्टेशनों पर अतिरिक्त डस्टबीन उपलब्ध कराये जायेंगे. रेल यात्रियों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए ‘फिल द डस्टबीन’ ‘डोनेट द डस्टबीन’ अभियान भी चलाया जायेगा. 19 सितंबर को स्वच्छ रेल गाड़ी दिवस के अवसर पर चलती ट्रेनों में अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम द्वारा साफ-सफाई की जांच की जायेगी. जांच के दौरान टॉयलेट, बेडरॉल की स्वच्छता की गुणवत्ता के साथ ही पैंट्री कार में सफाई पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. जांच टीम द्वारा यात्रियों से साफ-सफाई से संबंधित सलाह लिये जायेंगे तथा किसी भी शिकायत का तत्काल निराकरण किया जायेगा. 20 सितंबर को स्वच्छ नीर दिवस के अवसर पर ट्रेनों व स्टेशन परिसर में पानी की पर्याप्त उपलब्धता तथा जलस्रोतों की जांच की जायेगी.
इसके साथ पेयजल की गुणवत्ता की नमूना की भी जांच भी होगी. 21 को स्वच्छ परिसर दिवस के अवसर पर स्टेशन परिसरों में साफ-सफाई की गुणवत्ता में वृद्धि, स्टेशन परिसर में आवश्यक यात्री सुविधा की उपलब्धता की जांच तथा अनधिकृत अतिक्रमण को हटाने का काम किया जायेगा. वहीं 22 को स्वच्छ सहयोग दिवस के अवसर पर यात्री से संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई से संबंधित सूचनाएं चिपकायी जायेगी. गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूला जायेगा. इसके साथ ही जगह-जगह पर स्वच्छता से संबंधित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जायेगा.
23 को स्वच्छ संवाद दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक व मंडल रेल प्रबंधकों द्वारा रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता व परिसरों में सफाई को निरंतर बनाये रखने आदि विषयों पर सेमिनार का आयोजन किया जायेगा. 24 को स्वच्छ समर्पण दिवस के अवसर पर रेलकर्मियों में उनके परिजनों के बीच उनके आस-पास बेहतर स्वच्छ वातावरण बनाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत’ के स्लोगन के साथ प्रभातफेरी निकाली जायेगी व स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन होगा. 25 सितंबर को स्वच्छ आहार दिवस पर ट्रेनों व स्टेशन परिसर में मोबाईल कैटरिंग यूनिट, फूड स्टॉल, रेस्टोरेंट तथा अन्य कैटरिंग सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की जायेगी.
स्टेशन परिसर में दुकान लगाते चार गिरफ्तार
इधर, कोडरमा आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन परिसर में अतिक्रमण कर खाद्य पदार्थ व कपड़ा बेचने वालों पर कार्रवाई की है. आरपीएफ इंस्पेक्टर रूपेश कुमार ने बताया कि रेलवे के परिसर में अवैध रूप से कुछ लोग दुकान लगा रहे थे. इनमें से झुमरीतिलैया निवासी राजू मोदी, भादेडीह निवासी सोनू आलम, मो अफजल व ताराटांड निवासी रमेश प्रसाद गुप्ता को गिरफ्तार कर धनाबद रेल कोर्ट भेज दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




