Remix Fall Incident: झारखंड के रीमिक्स फॉल में फिर बड़ा हादसा, डूबने से रांची के दो छात्रों की मौत
Published by : Guru Swarup Mishra Updated At : 01 Apr 2025 8:35 PM
खूंटी के रीमिक्स फॉल में डूबे रांची के दोनों छात्र (फाइल फोटो)
Remix Fall Incident: झारखंड के खूंटी जिले के रीमिक्स फॉल में आज फिर बड़ा हादसा हो गया. रांची के दो छात्रों की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गयी. दोनों छात्र स्कूटी और बाइक से अपने दोस्तों के साथ घूमने रांची से रीमिक्स फॉल आए थे. इसी दौरान गहरे पानी में दोनों डूब गए. हादसे के बाद दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. 28 मार्च को भी रीमिक्स फॉल में डूबने से रांची के दो बच्चों की मौत हो गयी थी.
Remix Fall Incident: खूंटी, चंदन कुमार-खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र के रीमिक्स फॉल में आज फिर बड़ा हादसा हो गया. नहाने के दौरान डूबने से दो छात्रों ने अपनी जान गंवा दी. मृतकों में रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र के गाड़ी होटवार महुआटोली के महेंद्र तिर्की के बेटे रोलेन तिर्की (15 वर्ष) और सुशील सांगा के बेटे जेम्स जुनास संगा (15 वर्ष) शामिल हैं. हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्कूटी और बाइक से घूमने पहुंचे थे छात्र
रांची के कोकर के आदर्श नगर के गाड़ीगांव से सात लड़के स्कूटी और बाइक पर सवार होकर घूमने के लिए रीमिक्स फॉल आए थे, जहां नहाने के क्रम में गहरे पानी में डूबने रोलेन और जेम्स की मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल मारंगहादा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों ने गहरे पानी में डूबे दोनों युवकों के शव को बाहर निकाला. जानकारी के अनुसार मृतकों में रोलेन तिर्की कोकर की खोरहाटोली के डॉन बोस्को में नौवीं कक्षा का छात्र था. जेम्स दीपाटोली के एक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था. एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा कि दोनों अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए आए हुए थे, जहां नहाने के क्रम में वे डूब गए.
ये भी पढ़ें: सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप विवाद: सीएम हेमंत सोरेन का सरहुल गिफ्ट, अब इनके खिलाफ नहीं होगा एक्शन
28 मार्च को दो सगे भाइयों की हुई थी मौत
रीमिक्स फॉल में चार दिन पहले भी 28 मार्च को नहाने के क्रम में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गयी थी. दोनों रांची के कोकर के अयोध्यापुरी निवासी संजय सिंह के बेटे शुभम कुमार सिंह और राज कुमार सिंह थे. दोनों अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए रीमिक्स फॉल आए थे. इसी दौरान नहाने के क्रम में दोनों की डूबने से मौत हो गयी थी.
ये भी पढ़ें: PHOTOS: सरहुल पर बोले हेमंत सोरेन, अपनी परंपरा और सभ्यता-संस्कृति के लिए जरूर निकालें वक्त
ये भी पढ़ें: Sarhul Rain Prediction: झारखंड में सरहुल का उल्लास, पाहन ने बारिश को लेकर क्या की भविष्यवाणी?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










