मुरहू की घटना पर सांसद, विधायक ने जताया दुःख

तनाव को लेकर खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा और विधायक रामसूर्या मुंडा ने चिंता व्यक्त किया है.
खूंटी. मुरहू में दो समुदाय के बीच उत्पन्न तनाव को लेकर खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा और विधायक रामसूर्या मुंडा ने चिंता व्यक्त किया है. उन्होंने सभी से शांति बनाये रखने की अपील की है. खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने क्षेत्र की जनता से शांति, भाईचारा और एकता बनाये रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि खूंटी-मुरहू की पहचान आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता से है. जिसे किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं होने देना चाहिए. वहीं विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि ऐसी घटनाएं वर्षों पुरानी भाईचारा, शांति और पर्व-त्योहारों की परंपरा पर सवाल खड़ा करती हैं. रामनवमी के दौरान इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने सभी समुदायों से शांति, प्रेम और आपसी समझ बनाये रखने की अपील की. वहीं प्रशासन से निर्दाेषों पर कार्रवाई नहीं करने और दोषियों पर सख्त व निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.
बंद समाप्ति की घोषणा सराहनीय कदमः तोरपा विधायक
रामनवमी के दौरान मुरहू में घटी घटना के बाद विभिन्न संगठनों द्वारा आहूत अनिश्चितकालीन खूंटी बंद की समाप्ति की घोषणा का विधायक सुदीप गुड़िया ने स्वागत किया है. उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन और आम जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि बंद के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. ऐसे में प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच सकारात्मक पहल के बाद बंद समाप्त होना एक सराहनीय कदम है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद ही समस्याओं के समाधान का सबसे बेहतर माध्यम है. प्रशासन द्वारा की गयी पहल और आंदोलनकारियों के सहयोग से यह संभव हो सका. उन्होंने कहा कि खूंटी की सबसे बड़ी पहचान सामाजिक समरसता रही है. आपसी संवाद से खूंटी की साख पुनः लौटी है. सभी धर्म, समुदाय मिलकर खूंटी को विकास के रास्ते पर लेकर जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




