बहुउद्देश्यीय सामुदायिक भवन का विधायक ने किया शिलान्यास

बहुउद्देश्यीय सामुदायिक भवन का शनिवार को तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने शिलान्यास किया.
रनिया. रनिया के एसएस प्लस टू विद्यालय के समीप जिला परिषद के मद से निर्मित होने वाले बहुउद्देश्यीय सामुदायिक भवन का शनिवार को तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने शिलान्यास किया. भवन का निर्माण लगभग 60 लाख रुपये की लागत से किया जायेगा. इस अवसर पर विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग पर भवन का निर्माण कराया जा रहा है. यह भवन 3840 वर्ग फुट क्षेत्रफल में बनेगा. जिसमें एक बड़ा हॉल, चार कमरे और दो शौचालय होंगे. इसके निर्माण से रनिया क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में होने वाली समस्याएं काफी हद तक दूर होंगी. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधाराओं में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन क्षेत्र के विकास में मनभेद नहीं होना चाहिए. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जनसमस्याओं पर सामूहिक चिंतन कर तोरपा विधानसभा को आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जायेगा. विधायक ने संवेदक को निर्माण कार्य तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने ग्रामीणों से भी निर्माण की निगरानी करने का आग्रह किया. इससे पहले कार्यक्रम की शुरूआत भारतीय संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सदस्य और क्षेत्र के मरांग गोमके के जयपाल सिंह मुंडा की जयंती मनायी गयी. उनके विधायक सुदीप गुड़िया सहित अन्य ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि की. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत डांग, जिला परिषद सदस्य बिरेन कंडुलना, प्रखंड प्रमुख नेली डहंगा, निखिल कंडुलना, नारायण साहू सहित अन्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




