खूंटी में मनाया गया क्रूस पर्व, प्रेम और क्षमा का संदेश लेकर पहुंचे सैकड़ों विश्वासी
foto | Prabhat Khabar Network
खूंटी के बिचना स्थित डॉन बॉस्को गिरजाघर में क्रूस पर्व पर प्रेम, क्षमा और शांति का संदेश दिया गया। सैकड़ों विश्वासियों ने विशेष प्रार्थना में भाग लिया।
खूंटी. मुरहू प्रखंड के बिचना स्थित डॉन बॉस्को गिरजाघर में रविवार को क्रूस पर्व मनाया गया. पर्व में क्षेत्र की 10 मंडलियों से महिला, पुरुष और बच्चों समेत सैकड़ों विश्वासी शामिल हुए. विभिन्न मंडलियों के विश्वासी अपने-अपने क्रूस लेकर गिरजाघर पहुंचे. पुरोहितों ने क्रूस की आशीष करायी और विशेष मिस्सा अनुष्ठान कराया.
फादर एल्डी फॉन्स ने दिया प्रेम और क्षमा का संदेश
फादर एल्डी फॉन्स की अगुवाई में फादर कपिल, फादर गोदेपियुस, फादर आनंद, फादर संजीत और फादर एडवर्ड ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया. फादर एल्डी फॉन्स ने प्रभु यीशु के जीवन, क्रूस तथा उनके प्रेम और क्षमा के संदेश के बारे में बताया.
उन्होंने कहा कि क्रूस ईसाई विश्वास का प्रमुख प्रतीक होने के साथ मानवता, त्याग, प्रेम, क्षमा और शांति का संदेश देता है.
संत पापा जॉन पॉल द्वितीय के प्रसंग का किया उल्लेख
फादर एल्डी फॉन्स ने संत पापा जॉन पॉल द्वितीय पर हुए हमले का प्रसंग भी सुनाया. उन्होंने बताया कि मेहमत अली आग्का ने संत पापा जॉन पॉल द्वितीय पर गोली चलायी थी. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद संत पापा ने बदले की भावना नहीं रखी. बाद में उन्होंने जेल जाकर हमलावर से मुलाकात की और उसे क्षमा कर दिया.
फादर ने कहा कि यह घटना ईसाई धर्म में निहित प्रेम और क्षमा के संदेश को दुनिया के सामने मजबूती से प्रस्तुत करती है.
खेतों में स्थापित करेंगे लाये गये क्रूस
क्रूस पर्व में शामिल विश्वासी अपने साथ लाये गये क्रूस को अपने-अपने खेतों में स्थापित करेंगे. इसके माध्यम से फसल और परिवार के लिए ईश्वर की कृपा की कामना की जायेगी. साथ ही समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी समन्वय का संदेश दिया जायेगा.



आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए