झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से मिली राहत
Published by : RAKESH KUMAR Updated At : 30 Apr 2026 11:41 PM
हालांकि बारिश के कारण शहर में देर शाम तक बिजली बाधित रही.
जामताड़ा. जामताड़ा में गुरुवार शाम मौसम ने करवट बदल दिया. आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी. पिछले कई दिनों से जिले में लगातार बढ़ते तापमान और ऊमस भरी गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर रखा था. सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग परेशान थे. दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही थीं. लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे थे. ऐसे में शाम के समय अचानक आसमान में काले बादल छा गये. तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गयी. बारिश होते ही मौसम पूरी तरह बदल गया. वातावरण में ठंडक घुल गयी. तेज हवा चलने से लोगों को उमस से राहत मिली और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी. बारिश के दौरान कई लोग घरों की छतों और बालकनियों से मौसम का आनंद लेते नजर आये. बच्चों में खासा उत्साह देखा गया और कई बच्चे बारिश में भीगते हुए दिखाई दिए. हालांकि तेज बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों में हल्की जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद लोगों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी. हालांकि बारिश के कारण शहर में देर शाम तक बिजली बाधित रही. इधर, किसानों ने भी इस बारिश को खेती के लिए लाभदायक बताया. इससे खेतों की नमी बढ़ेगी और आनेवाली फसलों को फायदा मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार तक मौसम का मिजाज इसी तरह बदलता रह सकता है. विभाग ने हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी है. अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं पूरे जिले का माहौल भी खुशनुमा बना दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










