बैंक ऑफ बड़ौदा में 59 लाख की डकैती

Updated at : 03 Feb 2018 6:50 AM (IST)
विज्ञापन
बैंक ऑफ बड़ौदा में  59 लाख की डकैती

जामताड़ा : मिहिजाम में दिनदहाड़े महज 30 मिनट में हथियारों से लैस चार नकाबपोशों ने बैंक अॉफ बड़ौदा से 59 लाख की डकैती कर ली. चारों डकैत बैंक खुलते ही ग्राहक बनकर घुसे और पिस्तौल का भय दिखाकर बैंककर्मियों को कब्जे में लिया. उसके बाद कैशियर की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर चाबी ली और बैंक […]

विज्ञापन

जामताड़ा : मिहिजाम में दिनदहाड़े महज 30 मिनट में हथियारों से लैस चार नकाबपोशों ने बैंक अॉफ बड़ौदा से 59 लाख की डकैती कर ली. चारों डकैत बैंक खुलते ही ग्राहक बनकर घुसे और पिस्तौल का भय दिखाकर बैंककर्मियों को कब्जे में लिया. उसके बाद कैशियर की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर चाबी ली और बैंक का चेस्ट खुलवा कर बैग में रुपये रख चलते बने. घटना के समय बैंक में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 10 बजे बैंक की शाखा खुली. तभी ग्राहक बनकर हथियारों से लैस चारों नकाबपोश बैंक के अंदर दाखिल हुए. अपराधियों ने बैंक में कैशियर ए एक्का,

महिला कर्मी रश्मि सिंह तथा चपरासी बादल राम को गन प्वाइंट पर ले लिया. उसके बाद उन्होंने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीसीआर को तोड़ दिया तथा हार्ट डिस्क अपने पास रख ली. अपराधियों ने विरोध जताने पर कैशियर के साथ मारपीट भी की. एक अपराधी ने चपरासी को शौचालय में बंद कर दिया. अपराधी कैशियर एवं महिला कर्मी की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर चेस्ट के पास ले गये और तिजोरी खुलवाई. तिजोरी में से 59 लाख रुपये अपराधियों ने अपने बैग में डाले और भाग निकले. जाते-जाते डकैतों ने बैंककर्मियों को धमकी दी कि शोर मचाया तो मार डालेंगे.
छोड़ दिये 10 लाख के सिक्के
डकैतों ने चेस्ट में रखे 69 लाख रुपये में से 59 लाख के नोट तो ले गये लेकिन 10 लाख का सिक्के चेस्ट में ही छोड़ दिये. लुटेरे किस वाहन से आये थे और किस तरफ भागे, इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी. जब पुलिस बैंक पहुुंची तब लोगों को पता चला कि डकैती हुई है. खबर फैलते ही बैंक के सामने सैंकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गयी.
सूचना मिलते ही पहुंचे डीआइजी, डीसी व एसपी
डकैतों के जाने के बाद बैंक कर्मियों ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही एसपी डॉ जया राय सदल-बल मौके पर पहुंची. इसी क्रम में डीसी रमेश दूबे, एसी विधानचन्द्र चौधरी भी पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली. एसपी ने तुरंत जामताड़ा और मिहिजाम की सारी सीमायें सील करने और जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. जब घटना की जानकारी दुमका डीआइजी अखिलेश झा को मिली तो वे भी मिहिजाम पहुंचे और पूरी तहकीकात की. उन्होंने बैंक मैनेजर, कैशियर एवं अन्य कर्मियों से पूछताछ की.
डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने भी की जांच
मामले की जांच के लिए दुमका से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट तथा डॉग स्क्वायड को बुलाया गया. डॉग स्क्वायड बैंक के नीचे आया और करीब 200 मीटर बंगाल जाने वाली सड़क मार्ग तक जाकर वहां से वापस लौट आया. ज्ञात हो कि यह डकैती संताल परगना की बड़ी डकैती में से एक है.
बैंक की लापरवाही भी है : डीआइजी
चार अपराधी थे. अपराधी ने 59 लाख रुपये लूटे हैं. इसमें बैंक की भी बड़ी लापरवाही है. एक ही कर्मी को पूरे बैंक की चाबी दे दी गयी थी. हर बिंदू पर पुलिस गंभीरता से जांच में जुट गयी है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है. जल्द ही पुलिस बैंक डकैतों को गिरफ्तार कर लेगी.
-अखिलेश कुमार झा, डीआईजी दुमका
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola