गांडेय के झाविमो नेता की गोली मार हत्या

Updated at : 25 Jan 2018 5:03 AM (IST)
विज्ञापन
गांडेय के झाविमो नेता की गोली मार हत्या

अपराध. घटना मुरलीपहाड़ी मोड़ के पास मंगलवार देर रात की घंटों सड़क जाम नारायणपुर : गांडेय के झारखंड विकास युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष 30 वर्षीय सुकदेव मंडल की हत्या मंगलवार देर रात को गोली मार कर दी गयी. इस घटना को नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी मोड़ पर अज्ञात अपराधियों ने अंजाम दिया. सुबह […]

विज्ञापन

अपराध. घटना मुरलीपहाड़ी मोड़ के पास मंगलवार देर रात की

घंटों सड़क जाम
नारायणपुर : गांडेय के झारखंड विकास युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष 30 वर्षीय सुकदेव मंडल की हत्या मंगलवार देर रात को गोली मार कर दी गयी. इस घटना को नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी मोड़ पर अज्ञात अपराधियों ने अंजाम दिया. सुबह घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. सूचना पर नारायणपुर पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी है. घटनास्थल से मृतक के पास से दो मोबाइल, एक पिस्तौल और तीन गोलियां, एक बाइक बरामद किया है.
इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों की धरपकड़ की मांग को लेकर जामताड़ा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया. जाम की जानकारी मिलते ही मौके पर एसपी डॉ जय राय एवं भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल भी पहुंचे. दोनों के प्रयास के बाद सड़क जाम खत्म हुआ. उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना का कारण पारिवारिक रंजिश बताया जा रहा है. मृतक गिरिडीह जिला के अहल्यिापुर थाना क्षेत्र के घसको गांव का रहने वाला था. उसकी चार पुत्री है. घटना के बाद परिजन पहुंचे और अपराधियों की धर पकड़ की मांग कर रहे थे. मृतक के परिजनों ने बताया कि मंगलवार संध्या उसके किसी परिचित का फोन आया था. फोन आने के बाद सुखदेव मंडल उससे मिलने के लिए कह कर निकल गया था. रात भर कोई खबर नहीं मिली.
अपराधी ने मृतक के कनपट्टी में सटाकर गोली मारी, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं अपराधी उसके वाहन को घटना स्थल पर छोड़ कर भाग गये. जिस समय घटना हुई था उस समय स्थानीय लोगों को लगा कि सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन को लेकर पटाखा फूट रहा है.
वहीं घटना के बाद मृतक की मां द्रोपदी देवी ने नारायणपुर थाना में मामले को लेकर आवेदन दिया है. आवेदन में मृतक के मां ने आरोप लगाया है कि गिरिडीह जिला के अहल्यिापुर थाना क्षेत्र के घसको गांव निवासी बिहारी मंडल, कुंज बिहारी मंडल, एक अन्य, तीनों सहोदर भाई के आलावा नावाडीह के मनोहर यादव तथा एक ठेकेदार रामदेव सिंह ने मिल कर उसकी हत्या की है.
पिता की भी हुई थी हत्या
मृतक सुखदेव मंडल के पिता इतवारी मंडल की मौत भी आपसी रंजिश में हुआ था. इन दोनों परिवारों में पहले से ही लड़ाई चल रही है. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक की पत्नी के सहित उसके बच्चे भी मौके पर पहुंचे.
मृतक के खिलाफ दर्ज है आर्म्स एक्ट के मामले
मृतक सुखदेव मंडल के ऊपर नारायणपुर थाना में कांड संख्या 2/02 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. इस कांड में एक अन्य आरोपित अर्जुन मंडल है, जो अभी बेल पर है. इस कांड में नारायणपुर पुलिस के द्वारा न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया है.
ग्रामीणों ने किया विरोध
ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर सड़क को घंटों जाम रखा एवं न्याय की मांग करते रहे. ग्रामीण ने हत्यारा को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे थे. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों ने रोक दिया. ग्रामीण क्षेत्र में अमन और शांति की मांग कर रहे थे. ग्रामीणों ने कहा कि घटना स्थल से पुलिस पिकेट करीब 250 मीटर की दूरी पर है, लेकिन किसी को कोई भनक तक नहीं लगी. घटना की जानकारी सुबह करीब 6 बजे हुई. यदि पुलिस पेट्रोलिंग करती तो यह हादसा को रोक जा सकता था. जानकारी मिलते ही मौके पर नपं अध्यक्ष सह भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल भी पहुंचे. उन्हाेंने भी अपराधी की गिरफ्तारी व मृतक को उचित मुआवजा देने की मांग की.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola