यहां 75 फीट के विशाल तिरंगे के साथ निकली तिरंगा यात्रा, देखते रह गए लोग
तिरंगा यात्रा में शामिल लोग.
बहरागोड़ा में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर 75 फीट लंबे तिरंगे के साथ भव्य यात्रा निकाली गई. भारत माता के जयकारों से पूरा इलाका देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया.
बहरागोड़ा : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को बहरागोड़ा में देशभक्ति का उत्साह चरम पर रहा. वीणापाणी पाठागार की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. 75 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. सभी विशाल तिरंगा को देखते रह गए. हाथों में तिरंगा लेकर लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए बहरागोड़ा बाजार का परिभ्रमण किया. तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा बाजार देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. तिरंगा यात्रा के दौरान युवाओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. विशाल तिरंगे को लेकर निकली यात्रा जहां से गुजरी, वहां लोगों ने रुककर यात्रा को देखा और देशभक्ति के नारों में शामिल हुए. भारत माता की जय के जयकारों से पूरा इलाका गूंजता रहा. आयोजन के माध्यम से लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया.
सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों में फहराया गया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में भी धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किये गये. संस्था प्रमुखों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी. इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और देश की आजादी के लिए किये गये संघर्ष को याद किया गया. लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाये रखने का संकल्प लिया.
स्कूली बच्चों ने भी निकाली प्रभात फेरी
विभिन्न विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गये. विद्यार्थियों ने आकर्षक झांकियों के साथ प्रभात फेरी निकाली. बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए क्षेत्र का भ्रमण करते नजर आये. कई झांकियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े संदेश प्रस्तुत किये गये. विद्यालय परिसर में भी ध्वजारोहण,राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति गीतों का आयोजन किया गया. बच्चों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. पूरे बहरागोड़ा क्षेत्र में सुबह से ही देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









