मेयर ने दिखाया मानगो का विजन, पेयजल से लेकर ड्रेनेज और आवास तक इन योजनाओं का ऐलान
स्वतंत्रता दिवस पर मानगो नगर निगम की मेयर ने फहराया तिरंगा.
स्वतंत्रता दिवस पर मेयर सुधा गुप्ता ने मानगो के विकास का संकल्प लिया. शहर में पेयजल, ड्रेनेज, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दी जानकारी.
जमशेदपुर : स्वतंत्रता दिवस पर मानगो नगर निगम परिसर में केवल तिरंगा ही नहीं फहराया गया, बल्कि शहर के विकास का खाका भी सामने रखा गया. मेयर सुधा गुप्ता ने मानगो को स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प दोहराते हुए पेयजल, ड्रेनेज, आवास, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी. नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह के दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. स्वतंत्रता सेनानियों तथा महापुरुषों को नमन किया. उन्होंने कहा कि नगर की प्रथम नागरिक होने के नाते मानगो के समग्र विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है.
पेयजल आपूर्ति के लिए 1.41 करोड़ की निविदा जारी की गई है
मेय सुधा गुप्ता ने कहा कि विभिन्न वार्डों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए 1.41 करोड़ रुपये की निविदा जारी की गई है. वहीं, जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, नई सड़कों, नालियों, पाथवे, टाउन हॉल, पार्क और वेंडर मार्केट का निर्माण कराया जाएगा. मेयर ने बताया - पीएम आवास योजना के तहत 859 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है. वहीं, 47 नए आवासों की डीपीआर भेजी गई है. साथ ही बेघरों के लिए दो नए आश्रय गृह और एक पारिवारिक आश्रय गृह बनाने की योजना है. उन्होंने कहा - मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत 3000 श्रमिकों को रोजगार से जोड़ा गया है. वहीं, पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से 5000 पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराया गया है.
आठ आयुष्मान आरोग्य मंदिर किए जा रहे हैं संचालित
बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए शहर में आठ आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं. इसी माह तीन नए केंद्र शुरू किए जाएंगे. साथ ही शहर को रोशन करने के लिए 1000 नई लाइटें लगाने और पुरानी लाइटों की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है. समारोह के दौरान नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग देने, जल संरक्षण करने और समय पर होल्डिंग टैक्स जमा करने का संकल्प भी दिलाया गया. मौके पर अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव, उप नगर आयुक्त, उप महापौर, सहायक नगर आयुक्त, पार्षद और निगमकर्मी मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए