टाटा कमिंस में पेड समर इंटर्नशिप के लिए आवेदन शुरू, 25 मार्च तक मौका

Author Ashok jha
Updated:
विज्ञापन
टाटा कमिंस में पेड समर इंटर्नशिप के लिए आवेदन शुरू, 25 मार्च तक मौका

टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों के आश्रितों (वार्ड्स) और उनके द्वारा अनुशंसित (रेफरल) उम्मीदवारों के लिए पेड समर इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026 की घोषणा की है.

विज्ञापन

कर्मचारियों के वार्ड्स और रेफरल को प्राथमिकता, बीई, बीटेक व एमबीए छात्रों को मिलेगा अवसर

वरीय संवाददाता , जमशेदपुर

टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों के आश्रितों (वार्ड्स) और उनके द्वारा अनुशंसित (रेफरल) उम्मीदवारों के लिए पेड समर इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026 की घोषणा की है. कंपनी के एचआर हेड दीपेश चौलिया के हस्ताक्षर से जारी सर्कुलर के अनुसार इच्छुक उम्मीदवार 25 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को औद्योगिक अनुभव, व्यावहारिक सीख और पेशेवर विकास के अवसर प्रदान करना है.

बीई, बीटेक और एमबीए छात्रों को मिलेगा अवसर

कंपनी ने इंटर्नशिप के लिए शैक्षणिक योग्यता और पात्रता के मानक तय किये हैं. बीई, बीटेक, और एमबीए छात्रों को पेड समर इंटर्नशिप प्रोग्राम में शामिल होने का अवसर मिलेगा.

बीई, बीटेक :

वर्तमान डिग्री में 60% या उससे अधिक अंक अनिवार्य हैं. कोई भी बैकलाग या बकाया बकाया नहीं होना चाहिए. वर्तमान में 7वें सेमेस्टर (तीसरे वर्ष) के छात्र इसके पात्र होंगे. इसकी अवधि 2 से 6 महीने (जून-दिसंबर) होगी.

एमबीए :

प्रथम वर्ष के छात्र (तीसरे सेमेस्टर की इंटर्नशिप हेतु) पात्र होंगे. इसके लिए भी 60% अंकों की अनिवार्यता है. इसकी अवधि 2 महीने (अप्रैल-जून समर ब्रेक) तय की गयी है.

आवेदन कैसे करें

इच्छुक उम्मीदवार कंपनी द्वारा जारी किये गये गूगल फॉर्म लिंक या क्यूआर कोड को स्कैन कर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं. चयनित छात्रों को इसकी जानकारी उनके द्वारा साझा की गयी ईमेल आईडी पर दी जायेगी. इंटर्नशिप के लिए चयन कंपनी के तय नियमों और मानकों के आधार पर होगा. सफल उम्मीदवारों को न केवल सीखने का मौका मिलेगा. बल्कि कंपनी द्वारा स्टाइपेंड भी दिया जायेगा.

सीमित सीटें, पहले आये पहले पाये

प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इंटर्नशिप के लिए सीटें सीमित हैं. इसलिए योग्य उम्मीदवारों को जल्द से जल्द आवेदन करने की सलाह दी गयी है. चयनित छात्रों को उनके द्वारा दिए गए ईमेल आईडी पर सूचना भेजी जायेगी. ———–

बॉक्स आइटम

इंटर्नशिप के नये नियमों पर मचा बवाल, विपक्षी खेमे ने यूनियन को घेरा

टाटा कमिंस प्रबंधन की ओर से वर्ष 2026 के लिए जारी पेड समर इंटर्नशिप सर्कुलर ने औद्योगिक गलियारे में विवाद खड़ा कर दिया है. नये नियमों में पात्रता के दायरे को सीमित किये जाने के बाद कर्मचारियों के भीतर विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं. विपक्षी खेमे ने इस बदलाव के लिए सीधे तौर पर वर्तमान यूनियन को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे कर्मचारी पुत्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया है. विपक्षी नेताओं का तर्क है कि अब तक कंपनी में होने वाली इंटर्नशिप में बीए, बीकॉम और बी एससी जैसे सामान्य स्नातक विषयों के छात्र भी शामिल होते थे, लेकिन इस साल के सर्कुलर में केवल बीई, बीटेक और एमबीए के छात्रों को ही पात्र माना गया है. इस निर्णय से उन सैकड़ों कर्मचारियों के बच्चों के सामने संकट खड़ा हो गया है. जो तकनीकी शिक्षा के बजाय सामान्य विषयों की पढ़ाई कर रहे हैं. वे अपने बच्चों के लिए इसी कंपनी में भविष्य की उम्मीद रखते थे. जिसे नये नियमों ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है. विपक्षी खेमे ने आरोप लगाया है कि वर्षों से चली आ रही परंपरा को तोड़कर केवल चुनिंदा डिग्री धारकों को प्राथमिकता देना कर्मचारी पुत्रों के साथ घोर अन्याय है. वर्तमान यूनियन प्रबंधन के कर्मचारी विरोधी फैसले को रोकने में विफल रही. सत्ता पक्ष के नेताओं का कहना है कि इस मामले में प्रबंधन से बातचीत हो रही है. स्नातक किये कर्मचारी पुत्रों को पूर्व की तरह मौका मिलेगा.

विज्ञापन
अशोक झा

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक झा प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पलासी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola