जेसीपी इंप्लाइज यूनियन की आमसभा के फिर चुने गये अध्यक्ष बने राकेश्वर पांडे

बिष्टुपुर स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित वार्षिक आम सभा में मौजूद सदस्य
जेसीपी इंप्लाइज यूनियन की आमसभा में राकेश्वर पांडे को फिर से अध्यक्ष चुना गया। साथ ही कर्मचारियों के लिए मेडिकल ट्रस्ट बनाने का बड़ा फैसला लिया गया है।
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर जोजोबेड़ा स्थित न्यूवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड की मान्यता प्राप्त जेसीपी इंप्लाइज यूनियन की रविवार को बिष्टुपुर स्थित यूनियन कार्यालय में वार्षिक आमसभा में कई ऐतिहासिक निर्णय लिये गये. 27 साल पुराने संविधान (1999 में निर्मित) में संशोधन कर कार्यकारिणी सदस्यों की संख्या 25 से घटाकर 9 करने का निर्णय लिया गया. दूसरी ओर राकेश्वर पांडे को एक बार फिर सर्वसम्मति से यूनियन का अध्यक्ष चुना गया और संशोधित संविधान के तहत नयी कार्यकारिणी के गठन का अधिकार भी उन्हें सौंपा गया.
चुनाव प्रक्रिया के दौरान उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने राकेश्वर पांडे को पुनः यूनियन का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसका महामंत्री विजय खान ने समर्थन किया. इसके बाद उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से प्रस्ताव को पारित कर दिया. कोषाध्यक्ष संजीव सिंह ने संशोधित संविधान के तहत नयी कमेटी के गठन का पूरा अधिकार अध्यक्ष राकेश्वर पांडे को सौंपने का प्रस्ताव लाया. कार्यकारिणी सदस्य एनबी थापा के समर्थन के बाद आमसभा ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी.
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बनेगा मेडिकल ट्रस्ट
कर्मचारियों के हित में एक और बड़ा फैसला लेते हुए उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने पूर्व एवं वर्तमान कर्मचारियों के लिए एक वेलफेयर ट्रस्ट बनाने का प्रस्ताव रखा. इस ट्रस्ट का नाम 'राकेश्वर पांडे मेडिकल ट्रस्ट' रखा जायेगा. इसके तहत सभी वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों को मेडिक्लेम से जोड़ा जायेगा, ताकि जमशेदपुर से बाहर किसी भी गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान उन्हें कोई वित्तीय या अन्य परेशानी न हो. महामंत्री विजय खान के समर्थन के बाद सदन ने इस प्रस्ताव को भी पास कर दिया. निर्णय लिया गया कि जल्द ही इस ट्रस्ट का निर्माण कर काम को आगे बढ़ाया जायेगा. अध्यक्ष राकेश्वर पांडे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सबसे पहले दिवंगत कर्मचारियों व मजदूर नेताओं को याद करते हुए 2 मिनट का मौन रखा गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी.
पिछले वर्षों के काम और बजट को मिली मंजूरी
बैठक के पहले सत्र में यूनियन के महामंत्री विजय खान ने सचिव प्रतिवेदन पढ़ा. उन्होंने पिछले दिनों हुए वेतन समझौते और सालाना बोनस का उल्लेख करते हुए यूनियन की भावी योजनाओं का खाका खींचा. इसके बाद कोषाध्यक्ष संजीव सिंह ने यूनियन के आय-व्यय के ब्योरे और कोष की स्थिति को पेश किया, जिसे आमसभा ने सर्वसम्मति से पास कर दिया. अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने बताया कि वर्तमान में कर्मचारियों की संख्या में आयी कमी को देखते हुए कमेटी का आकार छोटा करने का निर्णय लिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अशोक झा
अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










