बागबेड़ा में छिनतई का प्रयास कर रहे बदमाशों से भिड़ी महिला रेलकर्मी, एक धराया, साथी फरार

Updated:
विज्ञापन
बागबेड़ा में महिला रेल कर्मी से छिनतई का प्रयास,थाना में जुटे विहिप कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network

बागबेड़ा में महिला रेल कर्मी से छिनतई का प्रयास,थाना में जुटे विहिप कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network

जमशेदपुर के बागबेड़ा में महिला रेलकर्मी ने छिनतई करने वाले बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी पकड़ा गया, दूसरा फरार है।

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

शहर में छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. रविवार की दोपहर बागबेड़ा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने रेलवे की महिला कर्मी एवं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की नेत्री एम भवानी से छिनतई का प्रयास किया. विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की. हालांकि, एम भवानी ने साहस का परिचय देते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया. शोर सुनकर जुटे स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया.एम भवानी रेलवे के एरिया मैनेजर कार्यालय में चीफ ऑफिस सुपरिंटेंडेंट के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने बताया कि रविवार अपराह्न करीब 3:30 बजे ड्यूटी से लौटकर रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित अपने घर जा रही थीं. घर के पास ही दो युवकों ने उन्हें घेर लिया. एक आरोपी ने चापड़ से हमला करने का प्रयास किया, जिससे वह सड़क पर गिर गयीं. इसके बाद बदमाश उन्हें घसीटते हुए गले से सोने की चेन छीनने लगे. उन्होंने विरोध किया और शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये. भीड़ को आता देख दोनों आरोपी भागने लगे.

स्थानीय लोगों ने पीछा कर भिखारी मैदान के पास एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़े गये आरोपी की पहचान गोलमुरी निवासी शिव मछुआ के रूप में हुई है. वहीं, उसका साथी बिहान उर्फ ललुआ गले से रुद्राक्ष की माला लेकर फरार हो गया. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.

थाने पर विहिप का प्रदर्शन

घटना के विरोध में विहिप के जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बागबेड़ा थाना पहुंचे और प्रदर्शन किया. अजय गुप्ता ने कहा कि शहर में छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो विहिप उग्र आंदोलन करेगी.बागबेड़ा थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है. घटना के बाद इलाके की महिलाओं में दहशत का माहौल है.


विज्ञापन
Shyam Narayan Jha

लेखक के बारे में

By Shyam Narayan Jha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola