दो बार 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया सिपाही, जानिए आखिर क्या थी इसकी वजह
टावर पर चढ़ा सिपाही
जमशेदपुर में एक सिपाही ने घर बनाने के कर्ज और लंबित लोन से परेशान होकर दो बार 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर सनसनी फैला दी. पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बड़ी मुश्किल से समझाया.
जमशेदपुर. घर बनाने का कर्ज, विभाग में लंबित लोन, पत्नी और बच्चों का साथ छूट जाना और लगातार बढ़ता मानसिक तनाव. इन परेशानियों का बोझ आखिर इतना बढ़ गया कि गोलमुरी पुलिस केंद्र में पदस्थापित एक सिपाही ने बुधवार को दो बार करीब 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर सभी को हैरान कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सीतारामडेरा थाना पुलिस, पुलिस केंद्र के जवान और स्थानीय लोग मौके पर आ कर सिपाही को समझाने लगे.
10 साल पहले अनुकंपा पर मिली थी नौकरी
मूल रूप से चाईबासा निवासी बाबूलाल सिंह कुंटिया को पिता के निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर पुलिस विभाग में नौकरी मिली थी. साथियों के अनुसार, पिछले कुछ समय से वह पारिवारिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे. पत्नी और बच्चे भी फिलहाल उनके साथ नहीं रह रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे.
लोन की फाइल अटकी, आर्थिक तंगी ने बढ़ाई परेशानी
टावर से नीचे उतरने के बाद बाबूलाल ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से पुलिस सेवा में हैं. घर बनाने के लिए लिया गया लोन और दूसरा कर्ज उनके लिए बड़ा बोझ बन गया है. उन्होंने विभाग से एक और लोन के लिए आवेदन किया है, लेकिन उसकी फाइल अब भी अकाउंट सेक्शन में लंबित है. बाबूलाल ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण पत्नी भी बच्चों को लेकर चली गई. लगातार तनाव के कारण उनका मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा था और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया.
शाम 4 बजे पहली बार टावर पर चढ़ा
बुधवार शाम करीब चार बजे सीतारामडेरा थाना के सामने स्थित गोलमुरी पुलिस केंद्र में बाबूलाल पहली बार करीब 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया. पुलिसकर्मी लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे. काफी देर बाद वह खुद नीचे उतर आया और बिना किसी से बात किए चेहरा छिपाकर वहां से चला गया.
एक घंटे बाद फिर टावर पर चढ़ गया
लोगों को लगा कि मामला खत्म हो गया है, लेकिन करीब एक घंटे बाद बाबूलाल फिर पुलिस केंद्र पहुंचा और दोबारा उसी टावर पर चढ़ गया. इसके बाद मौके पर फिर अफरा-तफरी मच गई. पुलिसकर्मियों ने धैर्य और समझदारी से काम लेते हुए काफी देर तक समझाया और आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By भूमि शर्मा
भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










