ePaper

छठे दिन नौसेना को मिली सफलता, क्रैश विमान का लोकेशन चिह्नित, डैम से आज ऐसे निकाला जायेगा विमान

Updated at : 25 Aug 2024 9:59 PM (IST)
विज्ञापन
छठे दिन नौसेना को मिली सफलता, क्रैश विमान का लोकेशन चिह्नित, डैम से आज ऐसे निकाला जायेगा विमान

भारतीय नौसेना की विशेष टीम ने अंतत: घटना के छठे दिन रविवार की दोपहर में चांडिल डैम के अंदर से क्रैश विमान को ढूढ़ निकाला.

विज्ञापन

आज डैम से दुर्घटनाग्रस्त विमान को गुब्बारा के सहारे बाहर निकालेगी नौसेना

रविवार को नौसेना ने क्रैश विमान के डायना का कुछ हिस्सा निकाला

प्रशासन ने भारतीय नौसेना की टीम को दिया धन्यवाद

चिह्नित प्वाइंट से सात किमी दूर डैम की गहराई में मिला विमान, रूट मैपिंग किया

चांडिल/जमशेदपुर

भारतीय नौसेना की विशेष टीम ने अंतत: घटना के छठे दिन रविवार की दोपहर में चांडिल डैम के अंदर से क्रैश विमान को ढूढ़ निकाला. डैम के अंदर से रविवार करीब पौने दो बजे नौसेना की टीम के सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान प्रमाण के लिए विमान के बांये डायना का करीब तीन फीट का एक हिस्सा (सफेद रंग) डैम के बाहर निकाला. इसके अलावा टीम ने क्रैश विमान के मिले लोकेशन को जेडटी ट्यूब (प्लास्टिक के ड्रॉमों को जोड़कर बनायी छोटी नाव) से निशान लगाने का भी काम किया. साथ ही सोमवार को क्रैश विमान को निकालने के लिए रूट मैपिंग भी की. रूट मैपिंग में रेल लाइन, घरों व अन्य संरचना कहां बनी हुई है, कहां खाली जगह है, उसे विस्तार से चिह्नित किया. ताकि क्रैश विमान को डैम से बाहर निकालने में कोई परेशानी न हो.

नौसेना की 16 सदस्यीय विशेष टीम सुबह करीब 9 बजे चांडिल डैम की गहराई में उतरी थी. सबसे पहले नौसेना की तीन बोट व नौका बिहार के एक बोट से क्रैश हुई विमान की तलाश शुरू की. ग्रामीणों व एक प्रत्यक्षदर्शी के बताये लोकेशन पर पहुंचकर टेक्नीकल टीम डैम की गहराई में गयी, लेकिन क्षतिग्रस्त विमान का पता नहीं चल पाया. इसके बाद नौ सेना की टीम चांडिल डैम के चिह्नित प्वाइंट से करीब सात किमी दूर नीमडीह प्रखंड के डूब क्षेत्र प्रसिद्ध कोयलागढ़ बूढ़ा बाबा शिव मंदिर (जो अभी चांडिल डैम के पानी में डूबा हुआ है) के निकट वनडीह नामक गांव के समीप पहुंची. जहां करीब 27 मीटर (लगभग 90 फीट) गहराई में गयी नौसेना की टीम को क्रैश विमान को ढूंढने में सफलता मिली. इसके बाद प्रमाण के तौर पर नौसेना की टेक्नीकल टीम ने क्रैश विमान का एक हिस्सा बाहर निकाला. नौसेना की टीम ने सोमवार को विमान को निकलने के लिए रूट मैपिंग की और लोकेशन को चिह्नित करने के बाद डैम से शाम करीब चार बजे के बाद निकली. हालांकि नौसेना की टीम ने अभी तक इस संबंध में कोई भी जानकारी साझा नहीं की है. क्रैश विमान को ढूंढ़ने में सफलता मिलने के बाद शासन-प्रशासन की टीम ने नौसेना की टीम को धन्यवाद दिया है.

ऐसे डैम के अंदर से निकाला जायेगा क्रैश विमान

सोमवार की सुबह में चिह्नित किये गये डैम के लोकेशन में नौसेना की टीम विशाल व विमान के वजन से अधिक क्षमतायुक्त गुब्बारा (गैस भरा) को लगायेगी. नौसेना की टेक्नीकल टीम डैम की गहराई में जाकर विमान को चारों ओर से मोटे रस्सी से बांधकर गुब्बारे के सहारे ऊपर खींचेगी और सुरक्षित स्थान पर रखेगी. इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है.

सोनारी एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद चांडिल डैम में क्रैश हो गया था विमान

मंगलवार (25 अगस्त) की सुबह करीब साढ़े 11 बजे जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से टेकऑफ करने के बाद से अलकेमिस्ट एविएशन का ट्रेनिंग विमान लापता हो गया था. इसके बाद विमान के डैम में क्रैश होने की बात सामने आयी थी. गुरुवार की सुबह चांडिल डैम से ट्रेनी पायलट शुभ्रतो दत्त और पायलट जीत सत्रु का शव बरामद हुआ था. जिसके बाद विमान के डैम में क्रैश होने की खबर पुख्ता हो गयी थी.

क्षतिग्रस्त मलवा का टुकड़ा मिलने पर भूतपूर्व सैनिकों ने लहराया तिरंगा

इधर, रविवार को जमशेदपुर के भूतपूर्व सैनिकों की टीम चांडिल डैम पहुंची व भारतीय नौसेना की टीम के सर्च ऑपरेशन में काफी सहयोग किया. रविवार शाम लापता विमान को खोज निकालने के बाद पूर्व सैनिकों ने भारत माता की जय, भारतीय नौसेना की टीम जिंदाबाद के नारा लगाकर टीम का हौसला बढ़ाया. साथ ही तिरंगा झंडा लहराकर नौसेना की टीम को सामूहिक सैल्यूट भी किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola